छत्तीसगढ़

प्रदेश मंत्रिमंडल और बीजेपी संगठन में विस्तार जल्द, नई कार्यकारिणी का होगा गठन; मोर्चा- प्रकोष्ठ अध्यक्षों की होगी नियुक्ति

दो प्रदेश महामंत्री के चेहरे भी बदलेंगे

संगठन के काम को लेकर बैठक: किरण देव सिंह



रायपुर (प्रखर) छत्तीसगढ़ में कैबिनेट विस्तार और बीजेपी संगठन का विस्तार एक साथ होगा। बीजेपी नेताओं ने इस ओर संकेत दिए हैं । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और संगठन महामंत्री पवन साय आज दिल्ली रवाना हुए हैं ।

रवाना होने से पहले किरण सिंह देव ने संगठन विस्तार को कहा कि दिल्ली में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है, जिसमें वे हिस्सा लेंगे। इस बैठक के बाद प्रदेश संगठन का विस्तार जल्द किया जाएगा। बीजेपी के अन्य नेताओं ने भी संगठन और कैबिनेट विस्तार जल्द होने के संकेत दिए हैं।

बताया जा रहा है कि 20 दिन के अंदर इस पर मुहर लग सकती है। वहीं 2 मंत्री के साथ-साथ नई कार्यकारिणी की भी नियुक्त होगी। इनमें 7 मोर्चा, 30 प्रकोष्ठ अध्यक्ष और 2 प्रदेश महामंत्री चुने जाएंगे।

भाजपा में 7 मोर्चा, 30 प्रकोष्ठों के बनाए जाएंगे अध्यक्ष

प्रदेश भाजपा संगठन की नई कार्यकारिणी के ऐलान में भी विलंब हो रहा है। दरअसल, निगम-मंडल में पार्टी के करीब 20 नेताओं को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष जैसे पदों की जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है।

ऐसे में खाली पदों पर दावेदार कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी मिलने की उम्मीद बनी हुई है, देरी होने से उनमें निराशा है। भाजपा के सात मोर्चों और 30 प्रकोष्ठों में भी मंडल व जिला स्तर पर नए अध्यक्षों की नियुक्ति बाकी है, क्योंकि मौजूदा पदाधिकारियों का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इन इकाइयों में भी बदलाव की मांग उठ रही है और कार्यकर्ता नई नियुक्तियों की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

दो प्रदेश महामंत्री के चेहरे भी बदलेंगे

प्रदेश भाजपा संगठन में दो नए नेताओं को प्रदेश महामंत्री बनाए जाने की तैयारी है। इसको लेकर मोर्चा और प्रकोष्ठों से जुड़े प्रमुख पदाधिकारी सक्रिय हो गए हैं और प्रयास तेज कर दिए हैं।

मौजूदा महामंत्री संजय श्रीवास्तव को नान का अध्यक्ष और जगदीश रामू रोहरा को धमतरी नगर निगम का महापौर बनाए जाने के बाद ये पद खाली हो गए हैं। ऐसे में इन अहम जिम्मेदारियों को पाने के लिए कई दावेदार संगठन के भीतर जोड़तोड़ में जुटे हुए हैं।

महिला मोर्चा अध्यक्ष का भी चेहरा बदलेगा

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी भी चर्चा में है। मौजूदा अध्यक्ष शालिनी राजपूत को सरकार द्वारा हस्तशिल्प विकास बोर्ड का प्रमुख नियुक्त किया गया है।

ऐसे में अब इस पद पर किसी सक्रिय और प्रभावशाली महिला नेता को जिम्मेदारी सौंपे जाने की संभावनाएं बन रही हैं। भाजपा नेत्रियां भी इस पद को लेकर अपनी दावेदारी मजबूत कर रही हैं।

फॉर्मूला नहीं, आपसी सहमति बनाने का प्रयास

संगठन से जुड़े जानकारों का कहना है कि छत्तीसगढ़ में संगठन के विस्तार के लिए किसी प्रकार के नए फार्मूले पर काम नहीं हो रहा है। केवल यह देखा जा रहा है कि कौन कार्यकर्ता संगठन के लिए कितनी ईमानदारी और समर्पण से काम कर सकता है। इसके आधार पर सीनियर नेताओं के साथ तालमेल बिठाकर संगठन विस्तार की कवायद की जा रही है।

संगठन के काम को लेकर बैठक: किरण देव सिंह

दिल्ली रवाना होने से पहले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह ने संगठन के विषयों को लेकर बैठक होने की बात कही है। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के कार्यक्रमों का क्रियान्वयन कैसे होगा? इस पर चर्चा होगी। सीएम पहले से दिल्ली में है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button