लोकसभा में एसआइआर पर विपक्ष का सरकार पर हमला, चुनाव आयोग पर केंद्र के निर्देश पर काम करने का आरोप

लोकसभा में एसआइआर पर विपक्ष का सरकार पर हमला, चुनाव आयोग पर केंद्र के निर्देश पर काम करने का आरोप
नई दिल्ली। लोकसभा में आज चुनाव सुधारों को लेकर चर्चा हो रही है। जबकि राज्यसभा में भारत के राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने के विषय पर चर्चा है। लोकसभा में चुनाव सुधार से जुड़े मुद्दे पर चर्चा की शुरुआत प्रश्नकाल के बाद हुई। लोकसभा में चुनाव सुधार पर चर्चा की शुरुआत कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने की। मनीष तिवारी ने कहा कि देश में निष्पक्ष चुनाव कराए जाने समय की मांग हैं। उन्होंने संविधान के तहत चुनाव आयोग को मिले अधिकारों का जिक्र करके हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सरकार के कार्यकाल में सबसे बड़े चुनावी सुधार हुए। मनीष तिवारी ने कहा, चुनाव आयोग को पूरे राज्यों में एसआईआर नहीं कराए जा सकते। उन्होंने कहा कि 1988 में कांग्रेस सरकार ने इतिहास का सबसे बड़ा सुधार कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि आज चुनाव आयोग केंद्र के निर्देश पर काम कर रहा है।
लोकसभा और राज्यसभा में सभापति को कार्यस्थगन प्रस्ताव के नोटिस
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा में कार्यवाही स्थगित करने की अपील के साथ स्पीकर ओम बिरला को नोटिस भेजा। उन्होंने कहा कि सदन में इंडिगो के अभूतपूर्व संकट, बड़े पैमाने पर यात्री उत्पीडऩ और हवाई किराये में बेतहाशा वृद्धि को रोकने के साथ-साथ सरकार हालात को संभालने में विफल रही है। इस विफलता पर चर्चा की जानी चाहिए। आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश में चल रहे एसआईआर पर चर्चा की मांग के लिए नियम 267 के तहत राज्यसभा में कार्य स्थगन नोटिस दिया है।
यात्रियों को हुई परेशानी के लिए इंडिगो है जवाबदेह : सरकार
इंडिगो संकट पर लोकसभा में बोलते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने आज सरकार का पक्ष रखा और इंडिगो को जिम्मेदार ठहराया। मंत्री ने कहा, ऑपरेशन तेजी से सामान्य हो रहे हैं। यात्रियों को हुई परेशानी के लिए इंडिगो को जवाबदेह ठहराया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और गरिमा की रक्षा की जा रही है। भारत के एविएशन सेक्टर को और ज्यादा यात्री-केंद्रित बनाने के लिए लॉन्ग-टर्म उपाय किए जा रहे हैं।



