स्वामी विवेकानंद जी ने हमें आत्मविश्वास, राष्ट्रभक्ति और सेवा का मार्ग दिखाया : रंजना साहू

स्वामी विवेकानंद जयंती पर ग्राम झुरा नवागांव में पांच दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा एवं विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन
धमतरी युवाओं के प्रेरणास्रोत, महान संत, विचारक एवं राष्ट्रनिर्माता स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के पावन अवसर पर ग्राम झुरा नवागांव में नव युवा विवेकानंद समिति तथा समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त सहयोग से पांच दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा एवं विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन किया गया। इस धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्ति, श्रद्धा और भारतीय संस्कृति के रंग में रंग दिया।
इस विशेष अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में सम्मिलित हुईं। उन्होंने श्रद्धेय राष्ट्रीय संत श्री मोहित राम पाठक जी के श्रीमुख से भगवान श्रीराम की पावन कथा का श्रवण कर संत से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ भक्ति भाव में सहभागिता निभाई।
कथा वाचन के दौरान संत श्री मोहित राम पाठक जी ने भगवान श्रीराम के जीवन के विभिन्न प्रसंगों का अत्यंत भावपूर्ण, संगीतमय और प्रेरणादायक वर्णन किया। विशेष रूप से श्रीराम राज्याभिषेक की कथा ने श्रद्धालुओं के हृदय को गहराई से स्पर्श किया। जैसे ही राज्याभिषेक का दृश्य प्रस्तुत हुआ, पूरा पंडाल “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा और वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय क्षण बताया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का जीवन और विचार आज भी भारत के युवाओं के लिए ऊर्जा और दिशा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने देश को आत्मगौरव, आत्मविश्वास, राष्ट्रभक्ति और सेवा का मार्ग दिखाया। उनके विचार केवल भाषणों तक सीमित नहीं, बल्कि व्यवहार में उतारने योग्य हैं। स्वामी विवेकानंद जयंती जैसे पावन अवसर पर भगवान श्रीराम की कथा का श्रवण करना हम सभी के लिए परम सौभाग्य की बात है।
श्रीमती साहू ने आगे कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, सत्य, त्याग, करुणा और सुशासन का आदर्श उदाहरण है। श्रीराम राज्याभिषेक केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि आदर्श रामराज्य की संकल्पना है, जहां न्याय, समानता और लोककल्याण सर्वोपरि होते हैं। आज के सामाजिक और राष्ट्रीय परिदृश्य में श्रीराम के आदर्शों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, एकता और संस्कारों को मजबूत करते हैं। विशेष रूप से युवाओं में भारतीय संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नव युवा विवेकानंद समिति एवं ग्राम झुरा नवागांव के समस्त ग्रामवासियों को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए उनके प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। विशेष रूप से जनपद पंचायत धमतरी के उपाध्यक्ष केशव साहू, भोथली मंडल अध्यक्ष मिश्री पटेल, जनपद सदस्य श्रीमती सत्यप्रभा किशोर साहू, आयोजक समिति अध्यक्ष फलेंद्र साहू, वरिष्ठ मिनेश साहू, डोमन साहू, रमीन कुमार यादव, नरेंद्र साहू, गौकरण साहू, नरेश कुमार साहू, संतोष यादव, मोहन लाल साहू, अंकित साहू, रोहित साहू, ओम प्रकाश, देवदास साहू, ग्राम पंचायत के सरपंच, समिति के सदस्यगण सहित बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामों से आए श्रद्धालुजन उपस्थित रहे पूरे आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन, संगीतमय प्रस्तुति, प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। आयोजन के सफल संचालन के लिए नव युवा विवेकानंद समिति एवं ग्रामवासियों के समर्पण और सहयोग की चारों ओर सराहना की जा रही है।



