महाराष्ट्र निकाय चुनाव में एनडीए गठबंधन महायुति की शानदार जीत

महाराष्ट्र निकाय चुनाव में एनडीए गठबंधन महायुति की शानदार जीत
मुंबई। भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन की बीएमसी चुनावों में शानदार जीत हासिल की है। फडणवीस जल्द ही मुंबई में राज्य भाजपा मुख्यालय जाएंगे, जहां उनका भव्य स्वागत होगा। बीएमसी चुनावों में भाजपा-शिवसेना महायुति की जीत के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम को फोन करके बधाई दी। बृहन्मुंबई महानगरपालिका, जिसे बीएमसी के तौर पर भी जाना जाता है, के चुनाव तय समय से करीब चार साल के अंतराल के बाद कराए गए हैं। 15 जनवरी (गुरुवार) को बीएमसी चुनाव के लिए मतदान हुआ और अब जो रुझान सामने आ रहे हैं, उसके मुताबिक बीएमसी में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरती दिख रही है। अगर यह रुझान नतीजों में बदलते हैं तो 25 साल में यह पहली बार होगा, जब ठाकरे परिवार का मुंबई महानगरपालिका पर शासन से ही बाहर हो जाएगा। भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, आप सभी ने देखा है कि आज महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों में भाजपा और हमारे गठबंधन सहयोगियों के साथ महायुति ने शानदार सफलता हासिल की है। यह दिखाता है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा और एनडीए के प्रति स्वीकार्यता लगातार बढ़ रही है। कुछ दिन पहले केरल नगर निगम चुनावों में तिरुवनंतपुरम में पहली बार हमने बहुमत हासिल किया। आज देश के, एशिया के सबसे बड़े नगर निगम बीएमसी चुनावों में जो अभूतपूर्व सफलता भाजपा-एनडीए-महायुति को मिली है, उसके लिए हम महाराष्ट्र की जनता का धन्यवाद करते हैं।



