माघ पूर्णिमा पर रुद्री घाट में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाबहजारों श्रद्धालुओं ने लगाई पावन डुबकी, रुद्रेश्वर महादेव मंदिर में किया दर्शन

धमतरी(प्रखर) माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर रुद्री क्षेत्र में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। सुबह से ही रुद्री घाट में हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र महानदी में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद श्रद्धालु रुद्रेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
माघ पूर्णिमा के अवसर पर रुद्री क्षेत्र में पारंपरिक मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों सहित दूर-दराज़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मेले में पूजा सामग्री, खाने-पीने की दुकानों और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानें सजी रहीं। बच्चों और युवाओं में मेले को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। घाट और मंदिर परिसर में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
माघ पूर्णिमा के इस पावन पर्व पर रुद्री क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा और पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।



