देमार में सड़क सुरक्षा को मिली बड़ी राहत, भखारा रोड पर बने आठ ब्रेकर

लगातार हादसों के बाद प्रशासन ने दिखाई तत्परता, ग्रामीणों ने जताया आभार
धमतरी(प्रखर) ग्राम देमार के भखारा रोड पर सड़क हादसों पर लगाम लगाने की दिशा में आखिरकार ठोस कदम उठाया गया है। लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद गांव के प्रवेश से लेकर निकासी तक कुल आठ स्थानों पर ब्रेकर का निर्माण किया गया है। ब्रेकर बनने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और ग्रामीणों ने इसे सड़क सुरक्षा की दिशा में अहम कदम बताया है।
ग्रामवासियों एवं ग्राम विकास समिति की ओर से एसपी, सीएसपी, एसडीएम, तहसीलदार, पीडब्ल्यूडी अधिकारी, यातायात पुलिस अधिकारी एवं संपूर्ण प्रशासनिक टीम के प्रति आभार व्यक्त किया गया। ग्राम पंचायत देमार के सरपंच, पंचगण और ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन की तत्परता से अब आए दिन होने वाले हादसों पर अंकुश लगेगा।
गौरतलब है कि बीते कुछ समय से देमार क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही थीं, जिनमें कई लोगों की जान भी चली गई थी। हाल ही में कार और ट्रक की भीषण भिड़ंत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा था और उन्होंने चक्का जाम कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था। चक्का जाम के दौरान अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जल्द ब्रेकर निर्माण का आश्वासन दिया था, जिसे अब पूरा कर दिया गया है।
इस पूरे मुद्दे को प्रखर समाचार द्वारा लगातार प्रमुखता से उठाया गया था, जिसके बाद प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। ग्रामीणों ने कहा कि मीडिया की भूमिका भी इस सफलता में अहम रही।
ब्रेकर निर्माण के बाद ग्रामीणों का कहना है कि इससे वाहनों की रफ्तार नियंत्रित होगी, राहगीरों और स्कूली बच्चों को राहत मिलेगी तथा दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी।
इस अवसर पर ग्राम के प्रथम नागरिक बिमलेश मीनपाल (सरपंच), परमेश्वरी साहू (उपसरपंच), बसंत परदेशी मीनपाल (उपाध्यक्ष, रॉवा मंडल भाजपा), मोहन लाल बंजारे (संरक्षक, ग्राम विकास समिति), शीतकुमार (अध्यक्ष, ग्राम विकास समिति), बेदराम सिन्हा, डेरहू राम मीनपाल, लिलेन्द्र यादव, पंचराम बैगा, भूपेन्द्र साहू, गोपाल राम ठेठवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी प्रशासन इसी तरह जनहित के मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई करेगा और गांव की सुरक्षा एवं विकास को प्राथमिकता देगा।



