छत्तीसगढ़

रतनजोत के बीज खाने से दो दर्जन से अधिक बच्चे बीमार


धमतरी(प्रखर) जिले के भखारा ब्लॉक के बोरझरा गांव में रतनजोत के बीज खाने से दो दर्जन से अधिक बच्चे बीमार हो गए। बताया जा रहा है कि बच्चों ने शाम के समय खेलते-खेलते रतनजोत के बीज खा लिए, जिसके कुछ ही देर बाद उन्हें उल्टी और चक्कर आने की शिकायत शुरू हो गई।
बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घबराए परिजनों ने तत्काल सभी बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोर्रा पहुंचाया। वहां से सभी बच्चों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार रतनजोत का बीज खाने से करीब सात बच्चों की हालत ज्यादा बिगड़ गई थी, जबकि अन्य बच्चों में भी उल्टी-चक्कर के लक्षण देखे गए। जिला अस्पताल में सभी बच्चों का उपचार जारी है और फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि बच्चों को ऐसे जहरीले पौधों और बीजों से दूर रखें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Author Desk

Related Articles

Back to top button