ग्राम कुरमातराई में त्रि-दिवसीय रामचरित मानस कथा महोत्सव का भव्य समापन

मुख्य अतिथि रामू रोहरा ने सीआरपीएफ व एमबीबीएस में चयनित युवाओं को किया सम्मानित
धमतरी(प्रखर) ग्राम कुरमातराई में आयोजित त्रि-दिवसीय रामचरित मानस कथा महोत्सव का समापन श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महामंत्री महेंद्र पंडित ने की।
विशेष अतिथि के रूप में आमदी मंडल अध्यक्ष विनय जैन, जनपद सदस्य अग्रवाल साहू एवं पूर्व सरपंच लोकेश वैष्णव उपस्थित रहे। समापन बेला में संपूर्ण ग्राम राममय वातावरण से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि रामू रोहरा ने ग्राम के होनहार युवाओं को सम्मानित किया। सीआरपीएफ में चयनित टेमेश साहू एवं एमबीबीएस में चयनित तेज प्रकाश को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
छत्तीसगढ़ की ख्याति प्राप्त मंडलियों द्वारा रामचरित मानस के माध्यम से प्रभु राम के आदर्श जीवन, मर्यादा, सत्य, सेवा और करुणा के भावों को सरल एवं भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
मुख्य अतिथि रामू रोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि रामचरित मानस केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली प्रेरणा है। यदि प्रभु राम के आदर्शों को आचरण में उतार लिया जाए तो समाज की अनेक कुरीतियां स्वतः समाप्त हो सकती हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए ग्राम विकास समिति की सराहना करते हुए ग्रामवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महेंद्र पंडित ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में संस्कार, भाईचारा और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं। यह आयोजन केवल कथा श्रवण नहीं, बल्कि सामाजिक एकता का सशक्त माध्यम है।
समापन अवसर पर आयोजक समिति द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ, श्रीफल एवं राम गमछा भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष शेष नारायण साहू, संयोजक निलेश ध्रुव, उपाध्यक्ष हेमलाल साहू, सचिव टेकराम साहू, कोषाध्यक्ष धनंजय साहू, सहसचिव सतीश साहू, सलाहकार भीषम साहू, दुष्यंत साहू सहित समिति के सदस्य, बड़ी संख्या में ग्रामवासी, श्रद्धालु एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



