राष्ट्रीय

संसद में गतिरोध बरकऱार, स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ कांग्रेस लाई अविश्वास प्रस्ताव

संसद में गतिरोध बरकऱार, स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ कांग्रेस लाई अविश्वास प्रस्ताव

नई दिल्ली। लोकसभा में जारी गतिरोध के बीच अब मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस लोकसभा के महासचिव को सौंप दिया है। इससे पहले, लोकसभा में गतिरोध खत्म करने की कोशिश में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सभी दलों के फ्लोर लीडर्स के साथ बैठक भी की। फ्लोर लीडर्स की बैठक में विपक्षी दलों के आठ सांसदों का निलंबन खत्म करने की शर्त पर गतिरोध खत्म करने के लिए तैयार होने की बात सामने आ रही है। गौरतलब है कि मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही जोरदार हंगामे के कारण पहले 12 और फिर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी।

कांग्रेस ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। कांग्रेस अब स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आई है। मुख्य विपक्षी पार्टी ने इससे संबंधित नोटिस लोकसभा सचिवालय को सौंप दिया है। लोकसभा के महासचिव को सौंपे गए नोटिस के बाद ओम बिरला ने खुद को सदन की कार्यवाही के संचालन से अलग कर लिया है और मंगलवार को वह सदन की कार्यवाही का संचालन करने आसन पर नहीं आए।

संसद के बजट सत्र का आज 10वां दिन है। विपक्षी दलों और सरकार के बीच गतिरोध बरकरार है। लोकसभा स्पीकर के खिलाफ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी का आरोप है कि लोकसभा में उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा है। वहीँ भाजपा की महिला सांसदों ने स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामला लोकसभा में प्रधानमंत्री की सीट का घेराव और सदन के वेल में घुसकर प्रदर्शन के दौरान अराजक स्थिति पैदा करना है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बीती 4 फरवरी को विपक्षी सांसदों के लोकसभा में व्यवहार की कड़ी आलोचना की और कहा कि इससे हमारे सांसद बहुत नाराज थे। हमने अपने सांसदों को शारीरिक टकराव से रोका था। अब भाजपा की महिला सासंदों ने स्पीकर से शिकायत दर्ज कराई है। देखते हैं कि अध्यक्ष क्या कार्रवाई करते हैं।

लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही आज भी हंगामा नहीं थमा और सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। राज्यसभा में हंगामे के बीच कार्यवाही जारी रही। हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गई। विपक्षी दलों की तरफ से आरोप लगाया गया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जा रहा है। गतिरोध के बीच संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि आम बजट पर चर्चा के लिए सरकार तैयार है। सांसदों को बजट पर चर्चा में भाग लेना चाहिए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विपक्षी सांसद आज ही स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश कर सकते हैं। हालांकि, 9 फरवरी को सूत्रों के हवाले से आई जानकारी में कहा गया था कि बजट सत्र के दूसरे चरण में अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा। इसी बीच संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने एक वीडियो साझा कर लिखा है कि लोकसभा में चार फरवरी को धक्का-मुक्की जैसे हालात पैदा हो गए थे।

रिजिजू ने बताया 4 फरवरी को सदन में था अव्यवस्था का माहौल

केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू के ताजा बयान से तो ऐसा लगता है कि बीती 4 फरवरी को लोकसभा में काफी उग्र माहौल था। रिजिजू ने दावा किया कि उन्हें अपने सांसदों को विपक्षी सांसदों के साथ धक्का-मुक्की न करने को कहना पड़ा था। रिजिजू ने कहा, कांग्रेस के सांसद सत्ता पक्ष (ट्रेजरी बेंच) की तरफ चले गए थे। वे प्रधानमंत्री की सीट तक पहुंच गए। उन्होंने एक तरह से सत्ता पक्ष की बेंच का लगभग घेराव कर लिया था। रिजिजू ने कहा हमें अपने भाजपा और एनडीए सांसदों को नियंत्रित करना पड़ा था। भाजपा की महिला सांसद, कांग्रेस सांसदों के इस व्यवहार से बेहद आक्रोशित थीं। हमने अपने सांसदों को धक्का-मुक्की करने से रोका। इसके बाद विपक्षी सांसद स्पीकर के चेंबर में गए और उन्हें धमकाया। भाजपा की महिला सांसदों ने शिकायत की है। देखते हैं कि स्पीकर इस पर क्या कार्रवाई करते हैं।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button