अंतर महाविद्यालयीन कराटे प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का दिखा दम

गर्ल्स कॉलेज धमतरी में दो दिवसीय आयोजन, 24 महाविद्यालयों के 70 खिलाड़ियों ने दिखाया जौहर
धमतरी(प्रखर)पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के तत्वावधान में शासकीय नारायण राव मेघावाले कन्या महाविद्यालय में दो दिवसीय अंतर महाविद्यालयीन कराटे प्रतियोगिता (महिला एवं पुरुष वर्ग) का आयोजन उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में धमतरी, रायपुर एवं बलौदाबाजार जिले के 24 महाविद्यालयों से लगभग 70 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपने कौशल और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनीता राजपुरिया ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कराटे केवल आत्मरक्षा की विधा नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों को ‘व्हाइट बेल्ट वाली मानसिकता’ के साथ निरंतर सीखते रहने और स्वयं को बेहतर बनाने का संदेश दिया। साथ ही प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के संयम, समर्पण और अनुशासन की सराहना की।
प्रतियोगिता में चयनकर्ता के रूप में डॉ. देवाशीष हाजरा, डॉ. ओमजी गुप्ता एवं डॉ. चंद्रशेखर बांधे ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. डी.आर. चौधरी, डॉ. रोहिणी मरकाम, डॉ. जे.एल. पाटले सहित अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में प्रमुख रूप से शासकीय नागार्जुन साइंस कॉलेज, महंत कॉलेज, डीबी कन्या महाविद्यालय, शहीद राजीव पांडे शासकीय महाविद्यालय, विप्र आर्ट्स कॉमर्स एंड फिजिकल एजुकेशन महाविद्यालय, विवेकानंद महाविद्यालय, श्री कुलेश्वर महादेव शासकीय महाविद्यालय, महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज, शासकीय पीजी कॉलेज, संत गुरु घासीदास शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय तथा शासकीय महाविद्यालय सहित कुल 24 संस्थाओं के खिलाड़ी शामिल हुए।
कार्यक्रम में अशोक सिन्हा (धमतरी), विनोद उपाध्याय (रायपुर), हेमंत चक्रधारी (धमतरी), देवेंद्र प्रसाद (रायपुर), मोहम्मद रहीम (रायपुर), प्रवीण मलिक (महासमुंद), निलेश दरभंगा (रायपुर), गोविंद सरवाड़ (धमतरी), विजय शर्मा, प्यारेलाल साहू, रिंकू तिवारी, ललित डर, देवेश जोशी, प्रवीण बंजारे, आजाद अहमद, राकेश पाल एवं मिथिलेश साहू सहित अनेक क्रीड़ा अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। दो दिनों तक चले इस आयोजन में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक ऊर्जा का परिचय दिया।



