जिले के युवाओं के लिए सेना भर्ती का सुनहरा अवसर, आवेदन 1 अप्रैल तक

धमतरी(प्रखर) जिले के युवाओं के लिए भारतीय सेना में भर्ती होने का सुनहरा अवसर उपलब्ध हुआ है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला धमतरी द्वारा जारी पत्र के अनुसार सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा 13 फरवरी 2026 को भर्ती अधिसूचना जारी की गई है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत विभिन्न पदों पर योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जारी अधिसूचना के अनुसार अग्निवीर (जनरल ड्यूटी), अग्निवीर (तकनीकी), अग्निवीर (लिपिक/स्टोर कीपर), ट्रेड्समैन (10वीं एवं 8वीं पास), अग्निवीर महिला (सेना पुलिस), सोल्जर टेक्निकल, नर्सिंग असिस्टेंट सहित अन्य पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी 13 फरवरी 2026 से 1 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) का आयोजन 1 जून से 10 जून 2026 के बीच प्रस्तावित है। आवेदन की प्रक्रिया केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार की जाएगी। अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in� पर जाकर निर्धारित तिथि के भीतर आवेदन करना होगा।
प्रभारी जिला खेल अधिकारी पीयूष तिवारी ने जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि वे अधिक से अधिक युवाओं तक इस भर्ती की जानकारी पहुंचाएं। साथ ही सेमिनार एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को सेना भर्ती की प्रक्रिया, पात्रता एवं आवेदन संबंधी जानकारी दें, ताकि जिले के अधिकाधिक युवा इस अवसर का लाभ उठा सकें।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर से संपर्क कर सकते हैं। कार्यालय का पता अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के समीप, नया रायपुर बताया गया है। संपर्क नंबर 0771-2965212 एवं 2965214 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने युवाओं से अपील की है कि वे समयसीमा के भीतर आवेदन कर देश सेवा के इस गौरवपूर्ण अवसर का लाभ उठाएं।



