छत्तीसगढ़

चौथिया में बाजा बजाने को लेकर खूनी संघर्ष, एक की मौत, चार गंभीर; गांव में  पुलिस बल तैनात


मगरलोड(प्रखर) मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम भोथीडीह में चौथिया कार्यक्रम के दौरान बाजा बजाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इस हिंसक घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मालगांव से चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने आए बाजा पार्टी के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच बाजा ठीक से नहीं बजाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और कुछ लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि इस हमले में पांच लोग घायल हुए। सभी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने आया था। वहीं चार घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद अचानक बढ़ा, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button