नगर कक्का के साथ प्रीतेश गांधी, राजेश शर्मा व राजेंद्र शर्मा ने सुनी ‘मन की बात’

जनता से संवाद का सशक्त माध्यम है ‘मन की बात’ — विनोद जैन (कक्का)
वरिष्ठजन समाज की धरोहर, उनके साथ कार्यक्रम सुनना गौरव का क्षण — प्रीतेश गांधी
धमतरी(प्रखर)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से संवाद के लिए प्रसारित किए जाने वाले लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के 131वें एपिसोड का श्रवण रविवार 22 फरवरी को धमतरी शहर में विशेष रूप से किया गया।
शहर के वयोवृद्ध समाजसेवी 87 वर्षीय विनोद जैन, जिन्हें पूरा शहर आदर और स्नेह से “नगर कक्का” के नाम से जानता है, के निवास पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह कार्यालय मंत्री प्रीतेश गांधी, धर्मप्रेमी एवं समाजसेवी पं. राजेश शर्मा तथा नगर निगम के पूर्व सभापति राजेंद्र शर्मा ने पहुंचकर उनके साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। इस अवसर पर सभी ने विनोद कक्का के उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के पश्चात अपने विचार व्यक्त करते हुए विनोद जैन (कक्का) ने कहा कि देश के नेतृत्वकर्ता द्वारा जनता के नाम अपनी अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने का यह प्रयास सच्ची जनसेवा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “मन की बात” जैसे कार्यक्रम जन-जन से सीधा संवाद स्थापित कर राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
प्रीतेश गांधी ने कहा कि सार्वजनिक एवं सामाजिक जीवन में हमारे बुजुर्गजन समाज की धरोहर हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से ही समाज को सही दिशा मिलती है। प्रधानमंत्री मोदी की भावना के अनुरूप वरिष्ठजनों के साथ बैठकर राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को सुनना और समझना हम सभी के लिए गौरवपूर्ण क्षण है।
पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि जीवन की कठिन राह को वरिष्ठजनों का आशीर्वाद और मार्गदर्शन ही सरल बनाता है। उन्होंने कहा कि “आज हम सब यहां कक्का का आशीर्वाद लेने और उनके अनुभवों से प्रेरणा प्राप्त करने के लिए उपस्थित हुए हैं।”
वहीं पूर्व सभापति राजेंद्र शर्मा ने कहा कि विनोद जैन ने अपने जीवनकाल में शहर के विकास और सामाजिक समरसता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनका सानिध्य हम सबके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन की अनमोल पूंजी हैं विनोद कक्का, जिनसे समाज को निरंतर प्रेरणा मिलती रहती है।



