भोथली में नवीन शाला भवन के लिए ₹1.07 करोड़ स्वीकृत, शिक्षा क्षेत्र को बड़ी सौगात

धमतरी। प्रदेश में शिक्षा अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गवर्नमेंट ऑफ़ छत्तीसगढ़ ने जिला धमतरी अंतर्गत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोथली के लिए नवीन भवन निर्माण हेतु ₹1 करोड़ 07 लाख की राशि स्वीकृत की है। यह स्वीकृति जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन की मांग पर प्रदान की गई है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में तथा वित्तमंत्री ओ .पी . चौधरी द्वारा प्रस्तुत संकल्प बजट में शिक्षा के क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया। लंबे समय से भोथली क्षेत्र में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के लिए नवीन भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण मिल सके।
जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन ने बताया कि उन्होंने शासन को विस्तृत प्रस्ताव भेजकर नवीन शाला भवन के लिए बजट में प्रावधान की मांग की थी। स्वीकृति मिलने से अब भवन निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है, जिससे ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्तमंत्री ओ. पी. चौधरी, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव तथा धमतरी जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जिला पंचायत सभापति ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा को दी जा रही प्राथमिकता का यह सशक्त उदाहरण है। नवीन भवन के निर्माण से विद्यालय की अधोसंरचना मजबूत होगी, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर वातावरण मिलेगा तथा क्षेत्र के शैक्षणिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।

