छत्तीसगढ़

मन की बात का धमतरी जिले में सामूहिक श्रवण


धमतरी(प्रखर)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” का प्रसारण रविवार को धमतरी जिले के अधिकांश ग्रामों और मंडलों में उत्साहपूर्वक सुना गया। जिले के विभिन्न गांवों में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने एकत्र होकर कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया और प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेशों को आत्मसात किया।
सिहावा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भाजपा मंडल बेलरगांव के भुरसीडोंगरी सहित कई गांवों में कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने मिलकर कार्यक्रम सुना। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। प्रसारण के दौरान प्रधानमंत्री ने देश के विकास, आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छता, नवाचार, युवाओं की भूमिका तथा समाज में सकारात्मक कार्य करने वाले व्यक्तियों के योगदान का उल्लेख करते हुए देशवासियों को प्रेरित किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस ने कहा कि “मन की बात” देशवासियों के लिए प्रेरणा का सशक्त मंच बन चुका है। इसके माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे नवाचार, सामाजिक कार्य और सकारात्मक पहलें सामने आती हैं, जिससे समाज में जागरूकता और सहभागिता का वातावरण निर्मित होता है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देता है।
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कार्यक्रम को जनसंवाद का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि इसके जरिए प्रधानमंत्री समाज के हर वर्ग से सीधे जुड़ते हैं और देश को आगे बढ़ाने के लिए सकारात्मक सोच व कर्तव्य भावना का संदेश देते हैं।
जिले के विभिन्न ग्रामों में आयोजित सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री द्वारा उठाए गए विषयों पर चर्चा की तथा समाजहित में सकारात्मक कार्य करने का संकल्प लिया।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button