छत्तीसगढ़

ग्राम करेलीबड़ी में 14 हेक्टेयर में विकसित होगा नया औद्योगिक क्षेत्र


1011.05 लाख की लागत से निर्माण प्रारंभ, 300 लोगों को मिलेगा रोजगार
धमतरी- जिले में औद्योगिक विकास को गति देने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में ग्राम करेलीबाड़ी में 14.00 हेक्टेयर भूमि पर 1011.05 लाख रुपये की लागत से नए औद्योगिक क्षेत्र का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है।
यह औद्योगिक क्षेत्र आधुनिक आधारभूत सुविधाओं से सुसज्जित होगा। परियोजना के अंतर्गत आंतरिक सड़कों का निर्माण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, ओवरहेड टैंक, जल आपूर्ति हेतु पाइपलाइन नेटवर्क, प्रशासनिक भवन तथा कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। इससे उद्योगों को आवश्यक बुनियादी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी।
परियोजना में लगभग 8070 वर्गफीट से लेकर 53,410 वर्गफीट तक के कुल 36 विकसित भूखंड तैयार किए जाएंगे, जिन्हें लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए आवंटित किया जाएगा। इससे स्थानीय उद्यमियों को अपने व्यवसाय स्थापित करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
इस औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 70 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना व्यक्त की जा रही है। परियोजना के पूर्ण होने पर करीब 300 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त होगा, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से परिवहन, सेवा, निर्माण एवं आपूर्ति क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
धमतरी जिले की भौगोलिक स्थिति, विशेषकर रायपुर और दुर्ग से निकटता, इस औद्योगिक क्षेत्र को रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बनाती है। बेहतर कनेक्टिविटी और बाजार की उपलब्धता के कारण यह क्षेत्र निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकता है।
राज्य सरकार द्वारा विकसित किया जा रहा यह औद्योगिक क्षेत्र भविष्य में “रायपुर-धमतरी इकोनॉमिक कॉरिडोर” के रूप में उभरने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे जिले के समग्र आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button