छत्तीसगढ़

महापौर रामू रोहरा की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री का बड़ा सहयोग

धीवर समाज की महिला उषा हिरवानी के उपचार हेतु 15.84 लाख रुपये स्वीकृत



धमतरी(प्रखर) नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा की अनुशंसा पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए धीवर समाज धमतरी परगना की महिला उषा हिरवानी (पति शिवकुमार हिरवानी) के उपचार के लिए 15 लाख 84 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। यह राशि मुख्यमंत्री विशेष सहायता कोष से प्रदान की गई है, जिससे उनके इलाज का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
महापौर रामू रोहरा ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री के समक्ष अनुशंसा पत्र प्रस्तुत किया था। मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए आर्थिक सहयोग की स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है।
महापौर रामू रोहरा स्वयं उषा हिरवानी के निवास पहुंचे और उनसे तथा उनके परिवारजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि नगर निगम एवं शासन हर जरूरतमंद नागरिक के साथ मजबूती से खड़ा है।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री की संवेदनशील कार्यशैली के कारण जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता मिल रही है। जनप्रतिनिधि होने के नाते उनका प्रयास है कि धमतरी के किसी भी नागरिक को उपचार या अन्य आवश्यक कार्यों में आर्थिक कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उषा हिरवानी एवं उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री और महापौर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से उन्हें नया जीवन और नई आशा मिली है।
राज्य नोडल एजेंसी, आयुष्मान भारत एवं मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना (MVSSY) द्वारा जारी पत्र के अनुसार धमतरी जिले की निवासी उषा हिरवानी के गंभीर बीमारी के उपचार के लिए 15,84,000 रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है। यह सहायता शासन की जनकल्याणकारी सोच और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक मानी जा रही है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button