छत्तीसगढ़

कुकरेल के नवनिर्मित तहसील भवन का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, मूलभूत सुविधाएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश


धमतरी (प्रखर)जिले के कुकरेल में नव निर्मित तहसील कार्यालय भवन का कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तहसील से लाभान्वित होने वाले गांवों की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से ली तथा नागरिकों को बेहतर, सरल एवं पारदर्शी राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने भवन में शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से विद्युतीकरण, बाउंड्रीवाल निर्माण, पेयजल व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने को कहा। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर भवन को जल्द से जल्द हैंडओवर किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को तहसील कार्यालय की सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध हो सकें।
कलेक्टर ने कहा कि नवीन तहसील कार्यालय प्रारंभ होने से ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए दूरस्थ स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और संसाधनों की बचत होगी तथा नामांतरण, सीमांकन, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र जैसे कार्य स्थानीय स्तर पर ही सुगमता से हो सकेंगे।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेंद्र सिंह ठाकुर, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग राठौर, एसडीएम नगरी मनोज मरकाम, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विमल साहू, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग जगरानी एक्का सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button