छत्तीसगढ़

धमतरी को मखाना हब बनाने की दिशा में पहल, कलेक्टर ने तैयारियों का किया निरीक्षण


वनांचल क्षेत्र में आय के नए स्रोत: मखाना खेती से सशक्त होंगे समूह


नगरी क्षेत्र की जलवायु बनी अवसर, मखाना उत्पादन से बढ़ेगी किसानों की आय
धमतरी(प्रखर) जिले के नगरी वनांचल क्षेत्र में आजीविका संवर्धन की दिशा में एक नई पहल के तहत मखाना खेती की शुरुआत की जा रही है। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से इस महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारने की तैयारी प्रारंभ हो चुकी है। जिले में कुल 100 एकड़ भूमि मखाना उत्पादन के लिए चिन्हांकित की गई है, जबकि प्रथम चरण में संकरा क्षेत्र में 25 एकड़ रकबे में खेती की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार नगरी क्षेत्र की जलवायु, पर्याप्त जल उपलब्धता एवं प्राकृतिक वातावरण मखाना उत्पादन के लिए अनुकूल है। इससे स्थानीय किसानों और महिला स्व-सहायता समूहों को अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त होंगे। वनांचल क्षेत्र में कृषि विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय कृषिमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने धमतरी प्रवास के दौरान जिले को मखाना बोर्ड में शामिल करने की घोषणा की थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने मखाना उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर अमल शुरू कर दिया है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने हाल ही में संकरा पहुंचकर मखाना खेती की तैयारियों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मखाना खेती नगरी वनांचल क्षेत्र के लिए आय वृद्धि का प्रभावी माध्यम बन सकती है। स्व-सहायता समूहों को तकनीकी प्रशिक्षण, गुणवत्तापूर्ण बीज एवं विपणन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि धमतरी जिला प्रदेश में मखाना उत्पादन का मॉडल विकसित करे।
कलेक्टर ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग को समन्वय बनाकर किसानों को प्रशिक्षण देने, जल प्रबंधन और फसल संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से रकबे का विस्तार कर अधिक से अधिक समूहों को इस पहल से जोड़ा जाएगा।
जिला प्रशासन की इस पहल से नगरी वनांचल क्षेत्र में आर्थिक सशक्तिकरण की नई संभावनाएं साकार होती नजर आ रही हैं।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button