छत्तीसगढ़

बरसात में जलभराव की समस्या रोकने महापौर रामू रोहरा ने अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक, सभी वार्डों में जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए सख्त निर्देश

बरसात में जलभराव की समस्या रोकने महापौर रामू रोहरा ने अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक, सभी वार्डों में जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए सख्त निर्दे

धमतरी- आगामी दिनों में संभावित भारी वर्षा को देखते हुए नगर पालिक निगम धमतरी ने शहरवासियों को जलभराव जैसी समस्याओं से राहत दिलाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में महापौर रामू रोहरा ने नगर निगम के अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक लेकर शहर की जल निकासी व्यवस्था, नालियों की सफाई तथा बारिश के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी वार्ड में बारिश का पानी जमा नहीं होना चाहिए और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

बैठक में महापौर ने शहर के प्रमुख जलभराव वाले क्षेत्रों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को ऐसे स्थानों की तत्काल पहचान कर आवश्यक सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर हर वर्ष जलभराव की समस्या सामने आती है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए तथा पानी की निकासी के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जाएं। बंद नालियों की तत्काल सफाई, कचरे का नियमित उठाव तथा जल निकासी मार्गों को पूरी तरह साफ रखने के निर्देश भी दिए गए।

महापौर ने कहा कि बरसात के दौरान नगर निगम की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। फील्ड में नियमित निरीक्षण किया जाए तथा कहीं भी पानी भरने या नाली जाम होने की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में नागरिकों से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण पर भी विशेष जोर दिया गया। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कंट्रोल रूम एवं शिकायत प्रकोष्ठ को सक्रिय रखा जाए, ताकि आम जनता की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा सके। साथ ही सफाई अमले को लगातार वार्डों का निरीक्षण करने तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त संसाधनों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए।

महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल बारिश के बाद समस्या का समाधान करना नहीं, बल्कि पहले से प्रभावी तैयारी कर जलभराव जैसी स्थिति उत्पन्न ही न होने देना है। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा और प्रत्येक वार्ड की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।

उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि नालियों में प्लास्टिक, कचरा या अन्य अपशिष्ट सामग्री न डालें। नागरिकों के सहयोग से ही जल निकासी व्यवस्था सुचारु रह सकती है और बरसात के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित धमतरी के निर्माण में नगर निगम और नागरिकों की साझा भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

महापौर ने विश्वास व्यक्त किया कि नगर निगम की पूरी टीम पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए बरसात के मौसम में शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगी तथा सभी वार्डों में जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखेगी।

Author Desk

Related Articles

Back to top button