सूरजपुर : शराब के नशे में स्कूल पहुंचे हेडमास्टर, जमीन पर लेटकर करते रहे हंगामा; वीडियो वायरल

सूरजपुर : शराब के नशे में स्कूल पहुंचे हेडमास्टर, जमीन पर लेटकर करते रहे हंगामा; वीडियो वायरल
सूरजपुर। शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला मामला सूरजपुर जिले से सामने आया है, जहां एक प्राथमिक स्कूल के हेडमास्टर के कथित तौर पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, मामला रामानुजनगर ब्लॉक के ग्राम शाल्ही स्थित खोरखोरीपारा प्राथमिक स्कूल का है। यहां पदस्थ हेडमास्टर हरिनंदन सिंह स्कूल समय के दौरान नशे की हालत में पहुंचे। बताया जा रहा है कि उनकी हालत इतनी खराब थी कि वे ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे।
वायरल वीडियो में हेडमास्टर जमीन पर लेटे हुए नजर आ रहे हैं और इस दौरान उनके द्वारा कथित रूप से गाली-गलौज किए जाने की बात सामने आ रही है। स्कूल परिसर में शिक्षक के इस व्यवहार से बच्चों और ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद अब शिक्षा विभाग से कार्रवाई की मांग उठ रही है। फिलहाल मामले की जांच और आगे की कार्रवाई को लेकर विभाग की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।



