एनजीटी का बड़ा आदेश: रायपुर समेत तीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक

एनजीटी का बड़ा आदेश: रायपुर समेत तीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक
रायपुर। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने जल संरक्षण और भूजल के उपयोग को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम समेत देश के तीन प्रमुख क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक लगा दी है। अब एनजीटी की अनुमति के बिना इन स्टेडियमों में कोई भी खेल आयोजन नहीं हो सकेगा। एनजीटी के आदेश की जद में रायपुर के अलावा मुंबई का डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम और जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम भी शामिल हैं। मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को निर्धारित की गई है।
अधिकरण ने कहा कि देश के कई हिस्सों में गंभीर जल संकट की स्थिति है। ऐसे में बड़े खेल परिसरों की जिम्मेदारी है कि वे भूजल के उपयोग, जल संरक्षण, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग और पानी के पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) जैसे उपायों का प्रभावी ढंग से पालन करें। एनजीटी ने इन स्टेडियमों में जल प्रबंधन की व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई है।
नोटिस का नहीं दिया जवाब
एनजीटी के अनुसार, केंद्रीय भूजल प्राधिकरण और अधिकरण की ओर से कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद रायपुर, जयपुर और मुंबई के संबंधित स्टेडियमों ने अब तक अपना जवाब प्रस्तुत नहीं किया। इसी कारण उनके खिलाफ अंतरिम प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।
छह स्टेडियमों से मांगी गई थी जानकारी
गौरतलब है कि अप्रैल में एनजीटी ने देश के छह प्रमुख क्रिकेट स्टेडियमों से मैदान और पिचों के रखरखाव में इस्तेमाल होने वाले पानी के स्रोत तथा जल प्रबंधन व्यवस्था की जानकारी मांगी थी। इनमें रायपुर, नई दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम, लखनऊ का भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम, कटक का बाराबती स्टेडियम, जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम और मुंबई का डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम शामिल थे।
इनमें अरुण जेटली स्टेडियम और इकाना स्टेडियम अपना जवाब दाखिल कर चुके हैं, जबकि बाराबती स्टेडियम ने जवाब प्रस्तुत करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है। वहीं, रायपुर, जयपुर और मुंबई के स्टेडियमों द्वारा जवाब नहीं दिए जाने पर एनजीटी ने अंतरिम रोक लगाने का आदेश जारी किया है।


