छत्तीसगढ़

धमतरी में किरायेदार, होटल और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन अभियान को मिली रफ्तार

जनप्रतिनिधियों के साथ पुलिस की अहम बैठक, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी

धमतरी में किरायेदार, होटल और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन अभियान को मिली रफ्तार

जनप्रतिनिधियों के साथ पुलिस की अहम बैठक, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी

धमतरी- जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने होटल, लॉज, ढाबा, धर्मशाला, किरायेदार एवं बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन अभियान को और तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में नगर निगम के जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, कोटवारों एवं अन्य स्टेकहोल्डर्स के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्था को जनसहभागिता के माध्यम से मजबूत बनाने की रणनीति तैयार की गई।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय एवं नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी ने कहा कि अपराधमुक्त और सुरक्षित धमतरी के निर्माण में पुलिस के साथ आम नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी पार्षदों, सरपंचों और कोटवारों से अपने-अपने क्षेत्रों में नए एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने, किरायेदारों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने तथा होटल, लॉज और धर्मशाला संचालकों को प्रत्येक आगंतुक का पहचान पत्र लेकर रजिस्टर में विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए।

बैठक में राइस मिल, फैक्ट्री, पोल्ट्री फार्म, निर्माण कार्यों से जुड़े ठेकेदारों सहित सभी संस्थानों को कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने, पंचायत एवं वार्ड कार्यालयों में जनजागरूकता पोस्टर लगाने तथा फेरी वालों, घूमंतू साधुओं और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की गई। साथ ही वार्ड एवं ग्राम स्तर पर अपराध संभावित क्षेत्रों की पहचान कर अवैध शराब, नशे के कारोबार, जुआ-सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

धमतरी पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों, अवैध प्रवासियों एवं अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना देने के लिए टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया है। पुलिस ने बताया कि इस नंबर पर प्राप्त प्रत्येक सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी तथा सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, नगर निगम के सभापति, एल्डरमेन, सभी पार्षद, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, कोटवार, संबंधित स्टेकहोल्डर्स, थाना सिटी कोतवाली के अधिकारी एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने धमतरी पुलिस के जनसहभागिता आधारित सुरक्षा अभियान, नशामुक्ति अभियान, होटल-लॉज जांच एवं किरायेदार सत्यापन अभियान में पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

Author Desk

Related Articles

Back to top button