भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश का छत्तीसगढ़ दौरा, संगठनात्मक बैठकों में चुनावी रणनीति

भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश का छत्तीसगढ़ दौरा, संगठनात्मक बैठकों में चुनावी रणनीति
रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश मंगलवार को दो दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंचे। मुंबई से दोपहर में रायपुर पहुंचने के बाद उनके दौरे के साथ ही प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। उनके प्रवास के दौरान प्रदेश संगठन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जा रही हैं। शिवप्रकाश सिंह के छत्तीसगढ़ दौरे को प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में होने वाली बैठकों पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की नजर बनी हुई है।
कार्यक्रम के अनुसार, मंगलवार दोपहर प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जबकि शाम को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक है। इसके बाद बुधवार सुबह प्रदेश महामंत्रियों की बैठक और दोपहर में प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजकों की बैठक प्रस्तावित है। इन बैठकों में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठकों के दौरान प्रदेश में पार्टी की आगामी गतिविधियों, संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक, बैठकों में संगठन विस्तार, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा और साल 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीति पर मंथन किया जा सकता है। इसके अलावा सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल, बूथ स्तर तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने और आगामी अभियानों को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए जाने की संभावना है।



