संसद में हंगामा, नीट पेपर लीक और प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई को लेकर विपक्ष अड़ा

संसद में हंगामा, नीट पेपर लीक और प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई को लेकर विपक्ष अड़ा
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को भी विपक्ष ने नीट पेपर लीक और प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर जमकर हंगामा किया। विपक्षी दलों ने इन मामलों पर सदन में चर्चा की मांग की, जिसके चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही प्रभावित हुई। हंगामे के बीच दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। कांग्रेस सांसद हिबी ईडन ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस देकर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से आयोजित परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मामलों पर चर्चा की मांग की।
राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष से की मुलाकात
लोकसभा में हंगामे के बीच विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। विपक्षी सांसदों ने सदन में उठाए जा रहे मुद्दों और कार्यवाही को लेकर अपनी बात रखी। मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों से जुड़े परीक्षा संकट और उनके खिलाफ हुई कार्रवाई पर संसद में विस्तृत चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष छात्रों की आवाज को संसद में उठाता रहेगा और इस मुद्दे को दबने नहीं देगा।
खरगे ने सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने नीट परीक्षा और पेपर लीक मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे छात्रों पर कार्रवाई की गई और उनकी समस्याओं को सुना जाना चाहिए। खरगे के बयान के दौरान राज्यसभा में हंगामा शुरू हो गया, जिसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।



