छत्तीसगढ़

मानसून बाइक रैली से दिया स्वच्छ पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और सड़क सुरक्षा का संदेश

कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ के नेतृत्व में निकली जनजागरूकता रैली, स्वच्छ पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

Oplus_16908288

मानसून बाइक रैली से दिया स्वच्छ पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और सड़क सुरक्षा का संदेश

कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ के नेतृत्व में निकली जनजागरूकता रैली, स्वच्छ पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

धमतरी-  जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने, प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के संरक्षण, स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाने तथा सुरक्षित यातायात का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन धमतरी द्वारा शुक्रवार सुबह रुद्री चौक से नरहरा जलप्रपात तक भव्य मानसून बाइक रैली का आयोजन किया गया। सुबह 7 बजे शुरू हुई इस रैली में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, युवा बाइक राइडर्स तथा बड़ी संख्या में नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

 

मानसून की हरियाली और मनमोहक प्राकृतिक वातावरण के बीच निकली इस रैली ने लोगों का ध्यान स्वच्छ पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित यातायात की ओर आकर्षित किया। रैली रुद्री चौक से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए जिले के प्रमुख प्राकृतिक पर्यटन स्थल नरहरा जलप्रपात पहुंची, जहां प्रतिभागियों ने पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

 

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने संदेश दिया कि प्राकृतिक पर्यटन स्थल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर लोगों से अपील की गई कि पर्यटन स्थलों पर प्लास्टिक एवं अन्य कचरा न फैलाएं, पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों से बचें तथा स्वच्छता बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

 

जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस जनजागरूकता अभियान का एक प्रमुख उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना भी था। रैली में शामिल सभी बाइक चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया था। साथ ही प्रतिभागियों ने पूरे मार्ग में यातायात नियमों का पालन करते हुए अनुशासित एवं सुरक्षित ढंग से बाइक चलाकर समाज के सामने एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

 

इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि धमतरी जिला प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की अपार संभावनाओं से भरपूर है। जिले के जलप्रपात, जंगल और प्राकृतिक स्थल प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता रखते हैं। ऐसे में इन स्थलों की स्वच्छता और संरक्षण सुनिश्चित करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। यदि नागरिक जागरूक होकर सहयोग करें तो धमतरी को एक स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक पर्यटन जिले के रूप में नई पहचान मिल सकती है।

 

गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने इस आयोजन से पूर्व जिले के युवाओं, बाइक राइडर्स, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस जनजागरूकता अभियान में शामिल होने की अपील की थी। प्रशासन की इस पहल को लोगों का भरपूर समर्थन मिला और बड़ी संख्या में युवाओं ने रैली में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ पर्यटन और सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

 

पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, अनुशासन और जनभागीदारी का शानदार समन्वय देखने को मिला। मानसून बाइक रैली केवल एक यात्रा नहीं रही, बल्कि यह प्रकृति संरक्षण, स्वच्छता, जिम्मेदार पर्यटन और सुरक्षित यातायात के प्रति जनजागरण का प्रभावी अभियान बनकर उभरी, जिसने जिलेवासियों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रेरक संदेश दिया।

Author Desk

Related Articles

Back to top button