ई-मेडलीएपीआर के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर स्वास्थ्य-पुलिस विभाग की समन्वय बैठक
एमएलसी व पीएम रिपोर्ट के ऑनलाइन प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण और शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रक्रिया पर जोर
ई-मेडलीएपीआर के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर स्वास्थ्य-पुलिस विभाग की समन्वय बैठक
एमएलसी व पीएम रिपोर्ट के ऑनलाइन प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण और शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रक्रिया पर जोर
धमतरी – ई मेडलीएपीआर (MedLEaPR) के प्रभावी क्रियान्वयन और स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय को लेकर शुक्रवार को जिला चिकित्सालय धमतरी के सिविल सर्जन कक्ष में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने की। इसमें पुलिस विभाग के डीएसपी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार ई-मेडलीएपीआर के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान प्रक्रिया में सामने आ रही तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं तथा उनके त्वरित निराकरण को लेकर अधिकारियों ने चर्चा की। साथ ही एमएलसी एवं पीएम रिक्वेस्ट के ऑनलाइन प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने सभी संबंधित संस्थानों में ई-मेडलीएपीआर के नोडल अधिकारियों की भूमिका को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। सीसीटीएनएस एवं ई-मेडलीएपीआर के माध्यम से प्राप्त एमएलसी और पीएम रिक्वेस्ट का समय पर निराकरण करने तथा चिकित्सकों द्वारा एमएलसी रिपोर्ट ऑनलाइन जनरेट करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। लंबित एमएलसी एवं पीएम रिपोर्ट के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने पर जोर दिया गया।
बैठक में कहा गया कि एमएलसी एवं पीएम रिपोर्ट की प्रक्रिया को शत-प्रतिशत ऑनलाइन और समयबद्ध बनाने से स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग के बीच समन्वय बेहतर होगा। इससे आवश्यक चिकित्सकीय एवं कानूनी दस्तावेजों के त्वरित संप्रेषण के साथ प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और न्यायिक प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण में भी मदद मिलेगी।
अधिकारियों ने निर्णय लिया कि ई-मेडलीएपीआर के संचालन में आने वाली तकनीकी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से त्वरित कार्रवाई करेंगे। लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा आवश्यकता के अनुसार चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को प्रक्रिया संबंधी मार्गदर्शन और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, जिला चिकित्सालय तथा पुलिस मुख्यालय के ऑनलाइन नोडल अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की सहभागिता रही। अधिकारियों ने ई-मेडलीएपीआर के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित समन्वय, सतत निगरानी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर सहमति जताई।



