राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक से अलंकृत हुए एएसआई रामावतार सिंह राजपूत
उत्कृष्ट एवं निष्ठापूर्ण पुलिस सेवा के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान, धमतरी पुलिस में खुशी की लहर
राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक से अलंकृत हुए एएसआई रामावतार सिंह राजपू
उत्कृष्ट एवं निष्ठापूर्ण पुलिस सेवा के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान, धमतरी पुलिस में खुशी की लहर
धमतरी- धमतरी पुलिस के रक्षित केन्द्र में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक रामावतार सिंह राजपूत को पुलिस सेवा में उनके विशिष्ट, निष्ठापूर्ण एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक से अलंकृत किया गया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को आयोजित समारोह में उन्हें माननीय मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक के करकमलों से यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय ने एएसआई रामावतार सिंह राजपूत को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि राजपूत की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली धमतरी पुलिस परिवार के लिए गौरव का विषय है। उनकी सेवाएं विभाग के अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणादायी हैं।
1999 में आरक्षक के रूप में शुरू किया सफर
एएसआई रामावतार सिंह राजपूत ने वर्ष 1999 में अविभाजित मध्यप्रदेश के जिला पुलिस बल में आरक्षक के पद पर पुलिस सेवा में प्रवेश किया। अपनी मेहनत, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति समर्पण के बल पर उन्होंने लगातार आगे बढ़ते हुए 4 दिसंबर 2009 को प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नति प्राप्त की। इसके बाद 31 दिसंबर 2021 को वे सहायक उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए।
अपने लंबे सेवाकाल के दौरान राजपूत ने पुलिस विभाग में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का पूरी निष्ठा और दक्षता के साथ निर्वहन किया। उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय पुलिस सेवाओं के लिए वर्ष 2018 में उन्हें राष्ट्रीय सराहनीय पुलिस सेवा पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है।
कुशल प्रशिक्षक के रूप में भी निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
राजपूत ने पी.टी.आई. (पुलिस प्रशिक्षण प्रशिक्षक) के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने आरक्षकों, प्रधान आरक्षकों एवं सहायक उप निरीक्षकों के आधारभूत प्रशिक्षण के साथ-साथ जिला स्तरीय पी.पी. पाठ्यक्रमों तथा कोटवार प्रशिक्षण का सफलतापूर्वक संचालन किया।
इसके अलावा उन्होंने वीआईपी बंदोबस्त, कानून-व्यवस्था, निर्वाचन ड्यूटी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पुलिस दायित्वों को कुशलता एवं पूर्ण समर्पण के साथ निभाया। एक अनुशासित, परिश्रमी और कुशल प्रशिक्षक के रूप में उनकी सेवाओं के लिए उन्हें समय-समय पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं सराहना भी प्राप्त होती रही है।
वर्तमान में वे रक्षित केन्द्र, जिला धमतरी में सहायक उप निरीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
पति-पत्नी दोनों पुलिस सेवा में
यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है कि एएसआई रामावतार सिंह राजपूत की धर्मपत्नी लता राजपूत भी धमतरी पुलिस कार्यालय में सहायक उप निरीक्षक के पद पर अकाउंट सेक्शन में पदस्थ हैं। पति-पत्नी दोनों का पुलिस सेवा में रहते हुए कर्तव्यनिष्ठा के साथ योगदान देना पुलिस परिवार के लिए गौरव का विषय है।
राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित होने पर धमतरी पुलिस परिवार में हर्ष का माहौल है। उनकी यह उपलब्धि वर्षों की ईमानदार, अनुशासित, निष्ठापूर्ण एवं उत्कृष्ट पुलिस सेवा का सम्मान है।
एएसआई रामावतार सिंह राजपूत को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े, मुख्य लिपिक लक्ष्मी ध्रुव, स्टेनो अखिलेश शुक्ला सहित पुलिस कार्यालय धमतरी के अधिकारी-कर्मचारियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।



