पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आदिवासी कांग्रेस नेताओं की संगठन विस्तार पर चर्चा
सिहावा विधानसभा क्षेत्र के जनहित के मुद्दों तथा प्रमुख मांगो से कराया अवगत

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आदिवासी कांग्रेस नेताओं की संगठन विस्तार पर चर्चा
सिहावा विधानसभा क्षेत्र के जनहित के मुद्दों तथा प्रमुख मांगो से कराया अवगत
धमतरी-नगरी -आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज साक्षी के नेतृत्व में धमतरी जिले के आदिवासी कांग्रेस नेताओं एवं कांग्रेस पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल से रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की। इस दौरान जिले में आदिवासी कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार, आगामी राजनीतिक गतिविधियों तथा सिहावा विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने धमतरी जिले में आदिवासी कांग्रेस द्वारा किए जा रहे संगठनात्मक कार्यों की जानकारी पूर्व मुख्यमंत्री को दी। साथ ही संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। नेताओं ने बताया कि आदिवासी कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ ही समाज के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सामने लाने और उनके निराकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से सिहावा विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को भूपेश बघेल के समक्ष रखा। क्षेत्र में आदिवासी समाज के सामने आ रही विभिन्न समस्याओं, ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल किए जाने की बात कही गई। नेताओं ने क्षेत्र की वर्तमान परिस्थितियों और संगठन की गतिविधियों से भी उन्हें अवगत कराया।
इस अवसर पर आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज साक्षी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात के दौरान संगठन को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला है। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। संगठन को जिले में और अधिक सक्रिय करते हुए गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचने तथा आम जनता की समस्याओं को मजबूती के साथ उठाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा और क्षेत्र की जनता के साथ लगातार संवाद बनाए रखा जाएगा। संगठन को मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने की आवश्यकता है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रतिनिधिमंडल से संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी लेते हुए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एकजुटता के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने, उनकी समस्याओं को समझने तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने और आम जनता की आवाज बनने की बात कही।
मुलाकात के दौरान राजेंद्र सोनी उपाध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी, नितिन पिंकी यदु प्रदेश महामंत्री किसान कांग्रेस, किशन गजेंद्र, भारत लहरे, लाकेश्वर साहू, योगेश मरकाम, बिरझु मांडावी,रविशंकर नेताम,उदितनारायण सोनी सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल की इस मुलाकात को धमतरी जिले में आदिवासी कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार और आगामी गतिविधियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



