कोपेडीह में अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार

कोपेडीह में अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार
धमतरी। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल के मार्गदर्शन में भखारा पुलिस ने ग्राम कोपेडीह में अवैध कच्ची महुआ शराब के निर्माण, बिक्री एवं भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने एक साथ दबिश देकर तीन अलग-अलग प्रकरणों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 210 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 21 हजार रुपये है, बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 104/2026 में गोवर्धन चंदेल के कब्जे से 50 लीटर महुआ शराब, कीमत 5 हजार रुपये बरामद की गई। वहीं अपराध क्रमांक 105/2026 में अशोक माथुर, संदीप कुमार माथुर एवं सुनील कुमार माथुर के कब्जे से 110 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची महुआ शराब, कीमत 11 हजार रुपये जब्त की गई।
इसी तरह अपराध क्रमांक 106/2026 में राम कुमार माथुर के कब्जे से 50 लीटर महुआ शराब, कीमत 5 हजार रुपये बरामद की गई।
तीनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार सभी 5 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं भंडारण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



