छत्तीसगढ़

अटल स्टेडियम भखारा में विकासखंड स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ

खेल में खिलाड़ी भावना आवश्यक-ज्योति

अटल स्टेडियम भखारा में विकासखंड स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ

खेल में खिलाड़ी भावना आवश्यक-ज्योति

भखारा। अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम भखारा में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामपुर के तत्वावधान में विकासखंड स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने किया।

 

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया। खिलाड़ियों में जोश और उत्साह का संचार करने के लिए मशाल ड्रिल का आयोजन किया गया। मशाल ड्रिल के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन एवं उपस्थित अतिथियों ने 100 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसके साथ ही प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ।

 

प्रतियोगिता में विकासखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मैदान में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में हिस्सा लेने के लिए विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

 

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि हरख जैन, नगर पंचायत उपाध्यक्ष विष्णु साहू, मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरिकृष्ण पांवरिया, सभापति छबिलाल निर्मलकर, भूपेश्वरी चंदेल, स्कूल समिति के अध्यक्ष ममता चंद्राकर, वीरेंद्र साहू, डॉली बाफना सहित शिक्षक, शिक्षाविद, खेल प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने खिलाड़ियों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी लगन और मेहनत के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना के साथ मैदान में उतरना है। निरंतर अभ्यास और मेहनत के बल पर विद्यार्थी खेल के क्षेत्र में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

 

नगर पंचायत उपाध्यक्ष विष्णु साहू ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताएं महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं।

 

कार्यक्रम में अतिथियों ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय के शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों और आयोजन समिति को बधाई दी।

Author Desk

Related Articles

Back to top button