घड़ी चौक पर दहीहंडी आयोजन को लेकर नगर निगम और श्रीराम हिंदू संगठन आमने-सामने
12 वर्षों से आयोजन का दावा, संगठन बोला- ‘हमारा 13वां भव्य आयोजन यहीं होगा’; आयुक्त ने कहा- एसडीएम से चर्चा कर बनाया जाएगा समन्वय
घड़ी चौक पर दहीहंडी आयोजन को लेकर नगर निगम और श्रीराम हिंदू संगठन आमने-सामने
12 वर्षों से आयोजन का दावा, संगठन बोला- ‘हमारा 13वां भव्य आयोजन यहीं होगा’; आयुक्त ने कहा- एसडीएम से चर्चा कर बनाया जाएगा समन्वय
धमतरी- शहर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर होने वाले दहीहंडी उत्सव को लेकर नगर निगम और श्रीराम हिंदू संगठन के बीच विवाद की स्थिति बन गई है। श्रीराम हिंदू संगठन ने आरोप लगाया है कि नगर निगम उसी घड़ी चौक पर दहीहंडी उत्सव आयोजित करने की तैयारी कर रहा है, जहां संगठन पिछले 12 वर्षों से लगातार कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है। संगठन का कहना है कि नगर निगम उनके वर्षों पुराने आयोजन का श्रेय लेने का प्रयास कर रहा है।
श्रीराम हिंदू संगठन के प्रतीक सोनी और प्रवीण साहू ने बताया कि संगठन द्वारा पिछले 12 वर्षों से घड़ी चौक पर दहीहंडी उत्सव का आयोजन किया जाता रहा है। इस वर्ष भी संगठन ने अपने 13वें भव्य आयोजन की तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि घड़ी चौक शहर के प्रमुख स्थानों में शामिल है और वर्षों से यहां दहीहंडी उत्सव की परंपरा चली आ रही है। ऐसे में नगर निगम द्वारा उसी स्थान पर अलग से आयोजन की तैयारी किए जाने से विवाद की स्थिति बनी है।
बैठक में बुलाया, चैंबर में प्रवेश को लेकर बढ़ा विवाद
संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, नगर निगम द्वारा उन्हें बैठक के लिए बुलाया गया था। संगठन के सदस्य सभा हॉल में करीब आधे घंटे तक इंतजार करते रहे। इसके बाद आयुक्त ने उन्हें नीचे बुलाया और चैंबर में केवल पांच लोगों के आने की बात कही। इसी बात को लेकर संगठन के सदस्यों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने नगर निगम कार्यालय में नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
संगठन के सदस्यों का कहना है कि उनकी मांग स्पष्ट है कि दहीहंडी का आयोजन घड़ी चौक पर ही किया जाएगा। संगठन ने नगर निगम से कहा है कि यदि निगम भी दहीहंडी उत्सव आयोजित करना चाहता है तो शहर में अन्य स्थान उपलब्ध हैं, जहां कार्यक्रम आयोजित किया जा सकता है। संगठन का दावा है कि घड़ी चौक पर होने वाला इस वर्ष का आयोजन उनका 13वां भव्य दहीहंडी उत्सव होगा।
आयुक्त के चैंबर के बाहर धरने पर बैठे सदस्य
विवाद के बाद श्रीराम हिंदू संगठन के सदस्य नगर निगम आयुक्त के चैंबर के बाहर बैठकर विरोध जताते रहे। संगठन ने दोहराया कि वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार घड़ी चौक पर उनका आयोजन इस बार भी होगा। संगठन के पदाधिकारियों ने नगर निगम से टकराव के बजाय दूसरे स्थान पर आयोजन करने की मांग रखी है।
एसडीएम से चर्चा के बाद बनेगा समन्वय
वहीं, इस पूरे मामले में नगर निगम आयुक्त ने कहा कि दहीहंडी आयोजन को लेकर एसडीएम से चर्चा की जाएगी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समन्वय बनाकर समाधान निकाला जाएगा। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो और किसी प्रकार का विवाद न हो।
दहीहंडी उत्सव को लेकर अब सभी की नजर प्रशासन की आगामी बैठक और निर्णय पर टिकी है। एक ओर श्रीराम हिंदू संगठन अपने 13वें आयोजन को घड़ी चौक पर ही कराने की बात पर अड़ा हुआ है, वहीं दूसरी ओर नगर निगम भी आयोजन की तैयारी कर रहा है। ऐसे में प्रशासनिक समन्वय से ही इस विवाद का समाधान निकलने की उम्मीद है।



