छत्तीसगढ़

मटकी फोड़ आयोजन को लेकर प्रकाशित समाचार पर कौशिल्या देवांगन ने जताई आपत्ति, कहा—मेरे बयान और भूमिका को सही संदर्भ में प्रस्तुत नहीं किया गया

मटकी फोड़ आयोजन को लेकर प्रकाशित समाचार पर कौशिल्या देवांगन ने जताई आपत्ति, कहा—मेरे बयान और भूमिका को सही संदर्भ में प्रस्तुत नहीं किया गय

 

धमतरी। नगर पालिक निगम धमतरी की स्पीकर कौशिल्या देवांगन ने मटकी फोड़ कार्यक्रम को लेकर समाचार पत्र में प्रकाशित खबर पर स्पष्ट आपत्ति जताते हुए उसका खंडन किया है। उन्होंने कहा कि समाचार में बार-बार उनका नाम लेकर उनकी भूमिका और वक्तव्य को जिस संदर्भ में प्रस्तुत किया गया है, वह तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है।

 

कौशिल्या देवांगन ने कहा कि जिस समय की फोटो समाचार में प्रकाशित की गई है, उस समय वह नगर के कुछ गंभीर एवं महत्वपूर्ण विषयों को लेकर आवेदन देने नगर निगम गई थीं। उस दौरान महापौर की उपस्थिति में या आयुक्त के साथ एमआईसी की कोई बैठक नहीं हुई थी। ऐसे में उक्त फोटो को मटकी फोड़ कार्यक्रम के प्रस्ताव अथवा एमआईसी बैठक से जोड़ना उचित नहीं है।

 

उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा मटकी फोड़/दही उत्सव के आयोजन को लेकर स्थान और व्यवस्था के संबंध में स्पष्ट जानकारी पहले से सामने आनी चाहिए। उनका नगर निगम से आग्रह है कि जिस स्थान पर जिस संगठन द्वारा वर्षों से यह आयोजन परंपरागत रूप से कराया जा रहा है, उसी संगठन को उसी स्थान पर आयोजन करने दिया जाए। इससे शहर में भाईचारा, आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता बनी रहेगी।

 

स्पीकर ने कहा कि यदि नगर निगम अपने स्तर पर आयोजन करना चाहता है तो आयोजन स्थल और व्यवस्थाओं को लेकर पहले से स्पष्टता होनी चाहिए, ताकि किसी प्रकार का विवाद या गलतफहमी पैदा न हो। उन्होंने कहा कि आयोजन के कारण यदि शहर का आपसी सौहार्द प्रभावित होता है, तो इसकी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम द्वारा इस वर्ष मटकी फोड़ अथवा दही उत्सव आयोजित किए जाने का उन्होंने समर्थन किया है। उनका उद्देश्य शहर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देना तथा धमतरी की रौनक और उत्साह को बनाए रखना है। हालांकि, उनका स्पष्ट मत है कि जिस स्थान पर किसी संगठन द्वारा कई वर्षों से यह आयोजन परंपरागत रूप से किया जा रहा है, उस परंपरा को समाप्त या कमजोर नहीं किया जाना चाहिए।

 

कौशिल्या देवांगन ने कहा कि यदि नगर निगम इस वर्ष आयोजन की जिम्मेदारी अपने हाथ में लेता है और आने वाले वर्षों में आयोजन नहीं करता, तो इतने बड़े आयोजन की निरंतरता प्रभावित हो सकती है। इससे शहर की वर्षों पुरानी परंपरा और उससे जुड़े लोगों के उत्साह पर भी असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यदि नगर निगम आयोजन की जिम्मेदारी ले रहा है तो उसे केवल एक वर्ष तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि आने वाले वर्षों में भी आयोजन जारी रखने को लेकर स्पष्ट नीति और जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी संस्था या संगठन के आयोजन का विरोध करना नहीं है। उनका कहना केवल इतना है कि धमतरी में वर्षों से चली आ रही परंपरा और शहर की सांस्कृतिक पहचान बनी रहनी चाहिए। शहर में अधिक से अधिक आयोजन हों, लोगों का उत्साह बढ़े और धमतरी की रौनक बनी रहे, वह इसके पक्ष में हैं।

 

अंत में उन्होंने कहा कि समाचार पत्र में उनका नाम बार-बार लेकर उनकी भूमिका को जिस संदर्भ में प्रस्तुत किया गया है, वह सही नहीं है। उन्होंने प्रकाशित समाचार का स्पष्ट खंडन करते हुए आग्रह किया कि भविष्य में उनके नाम और वक्तव्य को सही संदर्भ एवं तथ्यों के साथ ही प्रकाशित किया जाए।

 

— कौशिल्या देवांगन

स्पीकर, नगर पालिक निगम धमतरी

Author Desk

Related Articles

Back to top button