सिमगा के पास सड़क पर गाय से टकराई जिला पंचायत अध्यक्ष की इनोवा, सत्यलता मिरी बाल-बाल बचीं; कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ की सड़कों पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी एक बार फिर हादसे की वजह बनी है। सिमगा के पास नेशनल हाईवे पर जांजगीर-चांपा जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी की इनोवा कार सड़क पर अचानक आई गाय से टकरा गई। हादसे में सत्यलता मिरी और उनके ड्राइवर को हल्की चोटें आई हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सत्यलता मिरी अपनी कार CG 04 QG 8506 से नेशनल हाईवे के रास्ते रायपुर आ रही थीं। करीब दोपहर 12 बजे सिमगा के पास सड़क पर अचानक गाय सामने आ गई। ड्राइवर कुछ समझ पाता, उससे पहले कार गाय से जा टकराई।
एयरबैग खुलने से टली बड़ी अनहोनी
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के दोनों एयरबैग खुल गए और वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि कार में सवार सत्यलता मिरी और उनके ड्राइवर को गंभीर चोट नहीं आई।
हादसे के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। टक्कर के बाद गाय भी सड़क पर बेसुध होकर गिर गई थी। कुछ देर बाद वह उठकर वहां से चली गई।
हाईवे पर आवारा मवेशियों को लेकर फिर उठे सवाल
इस हादसे ने नेशनल हाईवे और प्रमुख सड़कों पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में हाईकोर्ट ने भी नेशनल हाईवे पर गायों और मवेशियों की मौजूदगी के मामले में संज्ञान लेते हुए सुनवाई की थी और प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए थे।
लगातार हो रहे ऐसे हादसों के बीच हाईवे पर मवेशियों की रोकथाम और उनकी सुरक्षित व्यवस्था को लेकर प्रशासन के सामने चुनौती बनी हुई है।



