आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का बिलासपुर प्रवास, संगठन विस्तार और शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों पर होगी चर्चा

बिलासपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 22 और 23 अक्टूबर को बिलासपुर प्रवास पर रहेंगे। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान वे छत्तीसगढ़ प्रांत के संघ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठन के विस्तार, आगामी योजनाओं और शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों को लेकर चर्चा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, डॉ. मोहन भागवत आज शाम 4 बजे बिलासपुर के कोनी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचेंगे। यहां उनके प्रवास के दौरान क्षेत्र, प्रांत और विभाग स्तर के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में संगठन के कार्यों, गतिविधियों और आगामी कार्ययोजनाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं के प्रबोधन पर रहेगा जोर
दो दिवसीय प्रवास के दौरान संघ प्रमुख संगठन के कार्यों के विस्तार और कार्यकर्ताओं के प्रबोधन पर विशेष चर्चा करेंगे। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के तहत आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की समीक्षा भी की जाएगी। बैठकों में संगठन की आगामी योजनाओं, वर्तमान गतिविधियों और निर्धारित कार्यों की प्रगति पर चर्चा होने की जानकारी दी गई है। इस प्रवास को छत्तीसगढ़ में संघ की संगठनात्मक गतिविधियों और भावी कार्ययोजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



