राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जारी किया माता हासी देवी की 200 रुपये का स्मारक सिक्का, सिंधी समाज के लिए ऐतिहासिक अवसर

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता साहिब हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उपस्थित रहे। यह स्मारक सिक्का पूज्य शदाणी दरबार रायपुर की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा जारी किया गया है।
सिंधी समाज के लिए गर्व का क्षण
पूज्य माता साहिब हासी देवी जी के सम्मान में स्मारक सिक्का जारी होना सिंधी समाज के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर है। इसे देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी समाज के लोगों के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। इस पहल के माध्यम से माता हासी देवी जी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
सिक्के पर अंकित है माता हासी देवी की छवि
भारत सरकार द्वारा जारी इस विशेष स्मारक सिक्के पर पूज्य माता हासी देवी जी की छवि अंकित है। सिक्के के दूसरी ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक इसे शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से बुक कर सकेंगे।
संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने दिया स्वागत उद्बोधन
कार्यक्रम में पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर राज्यपाल की पत्नी एवं राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू उपस्थित रहे।
इसके अलावा मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना सहित वरिष्ठ अधिकारी, शदाणी दरबार के सदस्य, देशभर से आए जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
माता साहिब हासी देवी जी के सम्मान में जारी यह स्मारक सिक्का उनकी आध्यात्मिक विरासत और समाज के प्रति योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।



