धमतरी में फोरलेन सड़क निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, महापौर रामू रोहरा और कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने लिया जायजा
सिहावा चौक से कोलियारी तक 5 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण तेज, शहर को मिलेगा आधुनिक स्वरूप

धमतरी में फोरलेन सड़क निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, महापौर रामू रोहरा और कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने लिया जायजा
सिहावा चौक से कोलियारी तक 5 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण तेज, शहर को मिलेगा आधुनिक स्वरूप
कोलियारी तिराहे का होगा आकर्षक सौंदर्यीकरण, सुगम यातायात के साथ व्यापार और विकास को मिलेगी नई रफ्तार
धमतरी- धमतरी शहर को आधुनिक, सुंदर और व्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फोरलेन सड़क निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में महापौर रामू रोहरा एवं कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सिहावा चौक से कोलियारी तक लगभग 5 किलोमीटर लंबी निर्माणाधीन फोरलेन सड़क का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
इस दौरान नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ मुरलीधर पैकरा, नगर निगम के पीडब्ल्यूडी प्रभारी पिंटू यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सड़क निर्माण के साथ नाली और जल निकासी व्यवस्था पर विशेष ध्यान

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सड़क के दोनों ओर जल निकासी के लिए नाली निर्माण का कार्य प्रगति पर है। परियोजना के अंतर्गत आवश्यक प्रारंभिक कार्य भी शुरू कर दिए गए हैं। महापौर और कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों और समय-सीमा को लेकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
इसके साथ ही रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक लगभग 4.4 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क निर्माण की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। शहर के मध्य डिवाइडर निर्माण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है, जबकि रंग-रोगन का कार्य जारी है। अन्य महत्वपूर्ण सड़कों के विकास के लिए भी निविदा प्रक्रिया शुरू की गई है।
आधुनिक पाथ-वे, आकर्षक लाइटिंग और हरियाली से बदलेगी शहर की तस्वीर

दोनों फोरलेन सड़क परियोजनाओं को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। सड़क चौड़ीकरण के साथ आकर्षक पाथ-वे, व्यवस्थित जल निकासी, सड़क सुरक्षा के इंतजाम, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था तथा सड़क किनारे सौंदर्यीकरण के कार्य किए जाएंगे।
भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पेयजल पाइपलाइन और अन्य शहरी सेवाओं की व्यवस्था भी निर्माण योजना में शामिल की गई है, ताकि बार-बार सड़कों की खुदाई की आवश्यकता न पड़े और नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
कोलियारी तिराहे की बदलेगी सूरत, बनेगा आकर्षण का केंद्र
शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल कोलियारी तिराहे को भी आकर्षक और व्यवस्थित स्वरूप देने की तैयारी है। यहां यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के साथ सौंदर्यीकरण के विशेष कार्य किए जाएंगे।
कोलियारी तिराहे को शहर के प्रमुख आकर्षक स्थलों में विकसित करने की योजना है। इससे न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि वाहन चालकों और राहगीरों को भी आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी।
धमतरी को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाना हमारा संकल्प — महापौर रामू रोहरा
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन लगातार समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि फोरलेन सड़कों के निर्माण से शहर की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी। नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा।
सड़क निर्माण से व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। सड़क किनारे हरित पट्टियां, आकर्षक पाथ-वे और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था शहर की सुंदरता में चार चांद लगाएगी।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का रखें विशेष ध्यान — कलेक्टर अबिनाश मिश्रा
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि धमतरी शहर की बढ़ती आबादी और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकास के कार्य सुनियोजित तरीके से किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान गुणवत्ता, निर्धारित समय-सीमा, प्रभावी जल निकासी, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से शहर में यातायात का दबाव कम होगा, आवागमन अधिक सुरक्षित बनेगा और धमतरी को एक व्यवस्थित एवं आधुनिक स्वरूप मिलेगा।
विकास की नई राह पर धमतरी, शहरवासियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
राज्य शासन के मार्गदर्शन में धमतरी शहर में सड़क, परिवहन, पेयजल, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण से जुड़े विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
सिहावा चौक से कोलियारी और रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक फोरलेन सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है।
इन विकास कार्यों से धमतरी की तस्वीर बदलने के साथ नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और शहर के सुनियोजित विकास को नई दिशा मिलेगी।



