छत्तीसगढ़

विजयादशमी पर धमतरी को मिली बड़ी सौगात, अछोटा में महानदी पर बनेगा नया फोरलेन पुल

92 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति, सिहावा चौक से भोयना तक 121 करोड़ की फोरलेन सड़क का निर्माण भी शुरू

विजयादशमी पर धमतरी को मिली बड़ी सौगात, अछोटा में महानदी पर बनेगा नया फोरलेन पुल

 

92 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति, सिहावा चौक से भोयना तक 121 करोड़ की फोरलेन सड़क का निर्माण भी शुरू

 

धमतरी। विजयादशमी के अवसर पर धमतरी जिले को बड़ी अधोसंरचना परियोजना की सौगात मिली है। अछोटा में महानदी पर नए फोरलेन पुल के निर्माण के लिए 92 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। लंबे समय से जर्जर पुराने पुल के स्थान पर नए पुल की मांग की जा रही थी। इसके साथ ही सिहावा चौक से भोयना तक 121 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो चुका है।

 

महानदी पर स्थित अछोटा का पुराना पुल लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। क्षेत्र में बढ़ते यातायात और सुरक्षित आवागमन की जरूरत को देखते हुए यहां नए पुल का निर्माण आवश्यक माना जा रहा था। इस संबंध में धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने विगत दिनों मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर पुल की स्थिति से अवगत कराया था। उन्होंने पुराने पुल के स्थान पर नए फोरलेन पुल के निर्माण की स्वीकृति देने की मांग रखी थी।

 

महापौर रामू रोहरा ने बताया कि सिहावा चौक से भोयना तक फोरलेन सड़क की स्वीकृति के बाद अछोटा में महानदी पर नए फोरलेन पुल का निर्माण भी बेहद जरूरी था। पुल के बिना सड़क परियोजना का उद्देश्य पूरी तरह हासिल करना कठिन होता। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए बजट में प्रावधान किया गया था। अब 92 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिलने से पुल निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है।

 

आवागमन होगा सुगम, विकास को मिलेगी गति

 

अछोटा में नए फोरलेन पुल के निर्माण से धमतरी और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है। आधुनिक पुल बनने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और यात्रियों को पुराने जर्जर पुल से राहत मिलेगी। वहीं, सिहावा चौक से भोयना तक फोरलेन सड़क और नए पुल का निर्माण क्षेत्र के सड़क संपर्क को मजबूत करने के साथ विकास को भी गति देगा।

 

महापौर रामू रोहरा ने इस महत्वपूर्ण परियोजना की वित्तीय स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, ओ.पी. चौधरी, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा और सांसद रूपकुमारी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

उन्होंने कहा कि अछोटा में महानदी पर नए फोरलेन पुल की मांग लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही थी। बजट में इस परियोजना को शामिल करना महत्वपूर्ण कदम था और अब वित्तीय स्वीकृति मिलने से क्षेत्र में बेहतर सड़क एवं पुल सुविधाओं की उम्मीद मजबूत हुई है। प्रदेश सरकार के नेतृत्व में सड़क और अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।

 

महापौर ने कहा कि धमतरी में सड़क, पुल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार निरंतर जारी रहेगा। अछोटा में प्रस्तावित नया फोरलेन पुल जिले के विकास और नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

Author Desk

Related Articles

Back to top button