छत्तीसगढ़

नेशनल हाईवे-53 पर भीषण हादसा, ट्रक में पीछे से घुसी कार; दो महिलाओं की मौत, तीन घायल

संबलपुर से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था परिवार

महासमुंद (प्रखर)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नेशनल हाईवे-53 पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सडक़ हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पटेवा थाना क्षेत्र के बावनकेरा चौक, झलप के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ओवरटेक करने के दौरान 16 चक्का ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

संबलपुर में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था परिवार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में पांच लोग सवार थे, जो राजनांदगांव जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। सभी ओडिशा के संबलपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे और वापस लौट रहे थे। शुक्रवार सुबह बावनकेरा चौक के पास कार तेज रफ्तार में आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान ओवरटेक करने के प्रयास में कार आगे चल रहे 16 चक्का ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे की टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार लोग अंदर ही फंस गए। दुर्घटना देखकर आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

दो महिलाओं की मौत, तीन घायलों को किया गया रेफर

सूचना मिलने पर पटेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल तीन अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। हादसे में मृत महिलाओं की पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मृतकों और घायलों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटा रही है।

हादसे के बाद ट्रक चालक फरार होने की सूचना

दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सडक़ से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराने की कार्रवाई की। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की। साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाने और फरार ट्रक चालक की जानकारी जुटाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button