छत्तीसगढ़

दीपावली पर्व को लेकर धमतरी पुलिस अलर्ट, शहर के वार्डों में सघन पेट्रोलिंग

अड्डेबाजी वाले स्थानों और सुनसान इलाकों पर विशेष निगरानी, असामाजिक तत्वों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी

दीपावली पर्व को लेकर धमतरी पुलिस अलर्ट, शहर के वार्डों में सघन पेट्रोलिंग

 

अड्डेबाजी वाले स्थानों और सुनसान इलाकों पर विशेष निगरानी, असामाजिक तत्वों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी

 

धमतरी, दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए धमतरी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में शहर के विभिन्न वार्डों और संवेदनशील इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों तथा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस एवं चीता स्क्वायड की टीम शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सघन गश्त कर रही है। रामबाग वार्ड, विंध्यवासिनी वार्ड, कोस्टापारा वार्ड, मराठापारा, कुम्हारपारा और गणेश चौक सहित अन्य इलाकों में पुलिस टीम भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही है। अड्डेबाजी वाले स्थानों, सुनसान इलाकों और संदिग्ध गतिविधियों की आशंका वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

 

पेट्रोलिंग के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक जमावड़ा लगाने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है। आवश्यकता के अनुसार संबंधित लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य संभावित अपराधों पर समय रहते अंकुश लगाना और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दीपावली पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, आम नागरिकों को परेशान करने अथवा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर में पुलिस की पेट्रोलिंग एवं निगरानी लगातार जारी रहेगी।

 

पुलिस ने नागरिकों से की सहयोग की अपील

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से दीपावली का त्योहार आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया है।

 

धमतरी पुलिस ने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button