दीपावली पर सुगम व्यापार और बेहतर यातायात व्यवस्था प्राथमिकता: मुरली शर्मा

जोन क्रमांक 4 में व्यापारिक संगठनों एवं अधिकारियों की बैठक, बाजारों में भीड़ प्रबंधन और अतिक्रमण नियंत्रण पर हुई चर्चा
रायपुर। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए शहर के प्रमुख बाजारों में सुगम यातायात, व्यवस्थित व्यापार और नागरिकों की सुविधाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 4 स्थित अध्यक्ष कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जोन अध्यक्ष एवं पार्षद मुरली शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में दीपावली के दौरान बाजारों में बेहतर व्यवस्था बनाने, भीड़ प्रबंधन, अतिक्रमण नियंत्रण तथा अस्थायी व्यापारियों के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुरली शर्मा ने बताया कि दीपावली के अवसर पर बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचते हैं। ऐसे में व्यापारियों, ग्राहकों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम, पुलिस प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों के सुझावों एवं समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों के साथ आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
बैठक में छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थौरानी, रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मचंद भंसाली, गोल बाजार व्यापारिक महासंघ के अध्यक्ष धनराज जैन, गोलबाजार व्यवसायी संघ के अध्यक्ष सतीश जैन, मालवीय रोड एवं शास्त्री बाजार के प्रतिनिधि जोएब हसन तथा मालवीय रोड एसोसिएशन के अध्यक्ष तरल मोदी सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
वहीं, नगर निगम की उपायुक्त अंजली शर्मा, जोन आयुक्त दिव्या चंद्रवंशी तथा गोलबाजार थाना प्रभारी कृष्णा साहू सहित संबंधित अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।
अस्थायी व्यापारियों के लिए होगी व्यवस्था
बैठक में बाहर से आने वाले अस्थायी व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीरत मैदान एवं ग्रास मेमोरियल ग्राउंड में दस दिनों के लिए अस्थायी व्यापार हेतु स्थान उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई, ताकि व्यापारी व्यवस्थित तरीके से अपना व्यवसाय कर सकें और बाजारों में अनावश्यक भीड़ का दबाव कम किया जा सके।
इसके साथ ही बाजार क्षेत्रों में सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने, अतिक्रमण पर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। पुलिस प्रशासन की ओर से दीपावली के दौरान यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किए जाने की जानकारी थाना प्रभारी कृष्णा साहू ने दी।
बेहतर समन्वय से बनेगा व्यवस्थित बाजार
मुरली शर्मा ने कहा कि दीपावली का पर्व प्रत्येक व्यापारी, ग्राहक और आम नागरिक के लिए खुशियां लेकर आए, यही उनका प्रयास है। नगर निगम, पुलिस प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के सामूहिक सहयोग से रायपुर के बाजारों में सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित वातावरण तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित पक्षों के बीच समन्वय बनाकर काम करना आवश्यक है।
उन्होंने सभी व्यापारिक संगठनों एवं अधिकारियों से दीपावली के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की, ताकि त्योहार के अवसर पर शहर में व्यापार सुचारू रूप से संचालित हो और नागरिक सुविधाजनक ढंग से खरीदारी कर सकें।



