जाँच रिपोर्ट निगम को अक्टूबर 2026 में मिली, तो दिसंबर 2025 में महापौर ने कैसे कर दी सार्वजनिक पुष्टि? कांग्रेस पार्षद दल ने उठाए गंभीर सवाल
जनता की आवाज उठाने पर विपक्ष को निशाना बनाने का आरोप, जाँच के नाम पर राजनीतिक प्रतिशोध की आशंका जताई

जाँच रिपोर्ट निगम को अक्टूबर 2026 में मिली, तो दिसंबर 2025 में महापौर ने कैसे कर दी सार्वजनिक पुष्टि? कांग्रेस पार्षद दल ने उठाए गंभीर सवाल
जनता की आवाज उठाने पर विपक्ष को निशाना बनाने का आरोप, जाँच के नाम पर राजनीतिक प्रतिशोध की आशंका जताई
धमतरी। नगर पालिक निगम में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर कांग्रेस पार्षद दल ने एक बार फिर सत्ता पक्ष को घेरा है। नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उपनेता प्रतिपक्ष सत्येन्द्र देवांगन (विशु) एवं पार्षद योगेश लाल ने प्रेस वार्ता आयोजित कर आरोप लगाया कि जनता के मुद्दों पर आवाज उठाने और भ्रष्टाचार को उजागर करने पर विपक्ष को व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जाँच के नाम पर विपक्ष की आवाज दबाने की साजिश रची जा रही है?
प्रेस वार्ता में कांग्रेस पार्षद दल ने नील ट्रेडर्स द्वारा पूर्व में निर्मित सीसी रोड की गुणवत्ता को लेकर जारी नोटिस और जाँच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद कराई गई पहली जाँच में सड़क की स्ट्रेंथ 30 N/mm² पाई गई थी, जिसे मानक के अनुरूप बताया गया था। इसके बाद डीजल घोटाले का मामला उजागर होने पर भाजपा कार्यकर्ता द्वारा उक्त सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए, जिसके बाद वर्ष 2026 में दोबारा जाँच कराई गई और इस बार परिणाम अलग आया।
सबसे बड़ा सवाल रिपोर्ट की तारीख को लेकर
कांग्रेस पार्षद दल ने पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण सवाल उठाते हुए कहा कि पुनः जाँच की रिपोर्ट नगर निगम को आधिकारिक रूप से 06 अक्टूबर 2026 को प्राप्त हुई, जबकि महापौर द्वारा 27 दिसंबर 2025 को ही समाचार पत्र के माध्यम से उक्त रिपोर्ट के संबंध में सार्वजनिक बयान दिया जा चुका था। ऐसे में सवाल उठता है कि जब रिपोर्ट निगम को प्राप्त ही नहीं हुई थी, तो महापौर को उसके निष्कर्षों की जानकारी पहले कैसे हो गई? आखिर किस आधार पर रिपोर्ट की सार्वजनिक पुष्टि कर दी गई थी?
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम जाँच की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। महापौर द्वारा रिपोर्ट की आधिकारिक प्राप्ति से पहले दिए गए सार्वजनिक बयान का आधार क्या था, इसकी निष्पक्ष जाँच होनी चाहिए।
विपक्ष का काम सवाल पूछना, जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करना
नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की जिम्मेदारी जनता की समस्याओं को उठाना, भ्रष्टाचार के मामलों को उजागर करना और सत्ता पक्ष से जवाब मांगना है। लेकिन जब भी विपक्ष जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाता है, तब जवाब देने के बजाय उसे ही निशाना बनाने की कोशिश की जाती है। क्या भ्रष्टाचार के मामलों को उजागर करने की कीमत विपक्ष को व्यक्तिगत कार्रवाई और दबाव के रूप में चुकानी पड़ेगी?
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्षद दल किसी भी निष्पक्ष तकनीकी जाँच से पीछे नहीं हटेगा, लेकिन जाँच के नाम पर राजनीतिक प्रतिशोध, डराने या दबाव बनाने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी। सत्ता और पद का उपयोग विपक्ष की आवाज दबाने के लिए नहीं, बल्कि जनता के हित में काम करने के लिए होना चाहिए।
कांग्रेस पार्षद दल ने मांग की कि महापौर द्वारा 27 दिसंबर 2025 को दिए गए सार्वजनिक बयान और 06 अक्टूबर 2026 को निगम को प्राप्त हुई जाँच रिपोर्ट के बीच के घटनाक्रम की निष्पक्ष जाँच कराई जाए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
उन्होंने कहा कि नोटिस, दबाव और व्यक्तिगत कार्रवाई से जनहित के मुद्दों पर उठने वाली आवाज को दबाया नहीं जा सकता। लोकतंत्र में विपक्ष को निशाना बनाने के बजाय जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।
प्रेस वार्ता में ब्लॉक शहर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश शर्मा, गौतम वाधवानी, आशुतोष खरे, गजानंद रजक, कन्हैया सोनी, गीत राम सिन्हा, भागी ध्रुव, विक्रांत पवार एवं धनंजय साहू सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


