सीएम आवास को बम से उड़ाने की झूठी धमकी, 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार

बेंगलुरु। कर्नाटक में मुख्यमंत्री के निजी आवास और विधानसभा को बम से उड़ाने की झूठी धमकी देने के आरोप में पुलिस ने 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ऑटो चालक के मोबाइल फोन से पुलिस को धमकी भरा कॉल किया था। जांच में सूचना फर्जी निकली। आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।
जानकारी के मुताबिक, 5 नवंबर को आरोपी ने ऑनलाइन ऐप से ऑटो बुक किया था। ऑटो चालक जब सदाशिवनगर स्थित मुख्यमंत्री के निजी आवास के पते पर पहुंचा और युवक को फोन किया, तो उसने खुद को घर के अंदर बताते हुए फोन सुरक्षा कर्मियों को देने के लिए कहा। इसके बाद ऑटो चालक के मोबाइल से मुख्यमंत्री आवास और विधानसभा में बम लगाने की धमकी दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। ऑटो चालक से मिली जानकारी के आधार पर ब्यादाराहल्ली के बालाजीनगर निवासी युवक को 7 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। शुरुआती जांच में आरोपी के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की आशंका जताई गई है।
इससे पहले मुंबई में मेयर कार्यालय, बॉम्बे हाईकोर्ट, एयरपोर्ट, महालक्ष्मी रेसकोर्स और अभिनेता अमिताभ बच्चन के आवास जलसा को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। जांच के दौरान इन स्थानों से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी।



