छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड की दस्तक, बलरामपुर में पारा 8.8 डिग्री पर पहुंचा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बादल छंटने और मौसम साफ होने के साथ ही ठंड का असर बढऩे लगा है। प्रदेश के उत्तरी हिस्से में सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। बलरामपुर-रामानुजगंज में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। सूरजपुर में 9.4 और सरगुजा में 9.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। सूरजपुर में पारा सामान्य से 7.1 डिग्री नीचे पहुंच गया है।

प्रदेश के बालोद और बेमेतरा में भी तापमान सामान्य से क्रमश: 6.6 और 6.5 डिग्री कम दर्ज किया गया। फिलहाल प्रदेश के 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, रात में ठंड बढ़ रही है, जबकि दिन में धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान में विशेष गिरावट नहीं आई है।

रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री कम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक रहा। शुक्रवार को राजधानी में मौसम साफ रहने और अधिकतम तापमान 29 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री रहने का अनुमान है।

प्रदेश के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के तापमान में भी बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। जहां बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री तक पहुंच गया है, वहीं बस्तर संभाग के सुकमा में रात का पारा 21 डिग्री दर्ज किया गया। दोनों जिलों के तापमान में 12.2 डिग्री का अंतर है। बस्तर संभाग के अन्य जिलों में भी न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री के बीच बना हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, लेकिन इसका छत्तीसगढ़ के मौसम पर विशेष प्रभाव नहीं पड़ रहा है। फिलहाल प्रदेश के लिए कोई मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button