युवक की मौत पर हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
सिर में दोनों तरफ छेद किधर से मारा स्पष्ट नहीं
प्रथम दृष्टया आत्महत्या मानकर चल रही है पुलिस
धमतरी।रविवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब शिव चौक निवासी युवक की बरारी कोटाभर्री मार्ग में खून से लथपथ लाश मिली। लाश के पास एक पिस्टल भी बरामद हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची जहां लाश के पास पॉइंट 22 देसी पिस्तौल और मोबाइल के अलावा एक्टिवा बरामद किया गया। पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या मानकर चल रही है, हालांकि हर एंगल से जांच में जुट गई है।
रविवार की शाम पुलिस को सूचना मिली कि बरारी से कोटाभर्री जाने वाले मार्ग से लगभग 80 मीटर अंदर झाड़ियों के बीच एक युवक की खून से लथपथ लाश पड़ी है। सूचना मिलते ही डीएसपी के के बाजपेई, रुद्री थाना प्रभारी सन्नी दुबे, कोतवाली प्रभारी बृजेश तिवारी, अर्जुनी प्रभारी राजेश मरई मौके पर पहुंचे। थोड़ी देर में भीड़ भी पहुंचने लगी थी।लाश की शिनाख्त शिव चौक निवासी आकाश मिश्रा उर्फ सन्नी पिता स्वर्गीय दीपक मिश्रा के रूप में हुई है। मौके पर पॉइंट 22 देसी पिस्टल और मोबाइल बरामद हुआ है। सड़क में सफेद रंग का एक्टिवा भी खड़ा हुआ था। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस मामले में डीएसपी के के वाजपेई ने बताया कि रविवार शाम को उन्हें सूचना मिली, मौके पर पहुंचे तो देखा आकाश मिश्रा की लाश पड़ी हुई थी, पॉइंट 22 का पिस्टल भी रखा हुआ है। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या प्रतीत हो रहा है।आगे की जांच की जा रही है।
मामला प्रेम प्रसंग का, आकाश लड़की के घर पहुंचा था
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। शहर की एक लड़की के साथ प्रेम प्रसंग था। रविवार को वह लड़की के घर पहुंचा था जहां पर उसने शादी के लिए कहा, मना करने पर वह अपने आप को खत्म करने की बात कर कर निकल गया। यहां तक कि जब घर से निकला था तब भी वह यही बात कर निकाला था। कोतवाली थाना प्रभारी बृजेश तिवारी ने बताया कि रविवार शाम लगभग 5 बजे लड़की के घर वाले और मृतक के घर वाले दोनों थाना में सूचना देने आए थे कि आकाश अपने आप को खत्म करने की बात कह कर निकाला है। थोड़ी ही देर बाद उसकी मौत की सूचना मिली।
पोस्टमार्टम के पहले कराया गया एक्स-रे
सोमवार को जिला अस्पताल में आकाश मिश्रा का पोस्टमार्टम कराया गया। उसके पहले सिर का एक्सरे लिया गया है ताकि यह देखा जा सके कि कहीं गोली अंदर फंसी तो नहीं है, लेकिन एक्सरे में गोली नहीं दिखाई दिया। सर के बाएं और दाएं दोनों तरफ डैमेज बताया गया। बाएं तरफ की हड्डी ज्यादा टूटी हुई है। इससे स्पष्ट है कि एक तरफ कनपटी में टिकाकर पिस्टल चलाया गया है और दूसरे तरफ से गोली निकल गई है। दोनों तरफ का स्किन फॉरेंसिक के लिए भेजा जा रहा है ताकि है स्पष्ट हो सके की गन पाउडर किधर था।हालांकि बाएं तरफ से गोली चलने की आशंका जताई जा रही है।
इस संबंध में रुद्री थाना प्रभारी सन्नी दुबे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा की गोली किधर से चली थी, पिस्टल देसी था।




