रामलीला मैदान में किसानों की ‘महापंचायत’ कल, दिल्ली पुलिस ने कड़ी शर्तों के साथ दी मंजूरी

रामलीला मैदान में किसानों की ‘महापंचायत’ कल
दिल्ली पुलिस ने कड़ी शर्तों के साथ दी मंजूरी
नई दिल्ली। अपनी मांगों को लेकर किसानों का प्रदर्शन लगातार जारी है। अब संयुक्त किसान मोर्चा ने जानकारी दी है कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें 14 मार्च को रामलीला मैदान में ‘किसान मजदूर महापंचायत’ आयोजित करने की अनुमति दे दी है। किसान संगठन का कहना है कि इस महापंचायत में मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ लड़ाई तेज करने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा। वहीं, दिल्ली पुलिस ने इस मामले में कहा है कि उसने कड़ी शर्तों के साथ रामलीला मैदान में महापंचायत की इजाजत दी है।
पुलिस उपायुक्त (मध्य) एम हर्षवर्धन ने कहा है कि हमने सख्त शर्तें लगाई हैं और एसकेएम नेताओं ने एक शपथपत्र पर हस्ताक्षर किए हैं कि वे शर्तों का पालन करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा ने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस ने महापंचायत आयोजित करने और दिल्ली नगर निकाय के सहयोग से पार्किंग स्थान और पानी, शौचालय और एम्बुलेंस जैसी अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था करने के लिए एनओसी जारी किया है। एसकेएम ने कहा है कि यह महापंचायत शांतिपूर्ण होगा।
एसकेएम ने बताया है कि इस महापंचायत में आस पास के राज्यों के लोग भी शामिल होंगे। अधिकांश किसान ट्रेन से आ रहे हैं। दिल्ली तक बिना किसी परेशानी के यात्रा करने के लिए बसों और वाहनों पर संबंधित संगठनों के झंडों के अलावा स्टीकर लगा होगा। किसानों को गंतव्य तक छोड़ने के बाद वाहनों को दिल्ली में आवंटित स्थान पर खड़ा किया जाएगा। दिल्ली पुलिस भी ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी करेगी। (इनपुट: भाषा)



