छत्तीसगढ़

सुकमा में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी : सैकड़ों राउंड फायरिंग में 10 नक्सली ढेर, कई ऑटौमैटिक हथियार बरामद

सुकमा में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी : सैकड़ों राउंड फायरिंग में 10 नक्सली ढेर, कई ऑटौमैटिक हथियार बरामद

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के थाना भेज्जी इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में अब तक10 नक्सलियों के मारे जाने की जानकारी सामने आई है। सुरक्षाबलों ने मौके से तीन ऑटोमैटिक राइफल और अन्य हथियार बरामद किए हैं।

जानकारी के मुताबिक, जवानों की नक्सलियों के साथ शुक्रवार सुबह मुठभेड़ हुई थी। जवानों को सुचना मिली थी कि कई नक्सली ओडिशा के रास्ते छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर रहे हैं। डीआरजी की टीम नक्सलियों की घेराबंदी करने निकली थी। दोनों तरफ से सैकड़ों राउंड फायरिंग हुई है। साथ ही कई ऑटौमैटिक हथियार भी मिले हैं।

बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने की मुठभेड़ की पुष्टि की है। आईजी बस्तर पी सुंदरराज ने बताया कि छत्तीसगढ़ के दक्षिणी सुकमा में डीआरजी के साथ मुठभेड़ में 10 नक्सली मारे गए। इंसास, ऐके-47, एसएलआर और कई अन्य हथियार बरामद हुए। सर्च ऑपरेशन जारी है। नक्सलियों के साथ मुठभेड़ कोराजुगुड़ा, दंतेसपुरम, नागाराम, भंडारपदर के जंगल-पहाड़ी में हुई है। जवान इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने जवानों पर हमला कर दिया। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से काफी देर तक गोलीबारी हुई।

बता दें कि इससे पहले दक्षिण बस्तर, गरियाबंद और कांकेर में भी सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ जंगल में बीते 16 नवंबर को नक्सल-पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई थी। इस दौरान पांच नक्सली मारे गए थे और शव बरामद किए गए थे। इसमें 40 लाख के इनामी नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया है। सभी नक्सलियों आठ-आठ लाख का इनाम घोषित था।

बस्तर में शांति, विकास और प्रगति का दौर लौट आया  : मुख्यमंत्री

सुरक्षाबलों को मिली कामयाबी पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जवानों को बधाई दी है। सीएम साय ने सुरक्षाबलों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार नक्सलवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। बस्तर में विकास, शांति और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बस्तर में शांति, विकास और प्रगति का दौर लौट आया है।

उन्होंने सुरक्षाबलों को उनके अदम्य साहस और समर्पण के लिए बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ से नक्सलियों का सफाया निश्चित है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ से नक्सलियों के सफ़ाये के लक्ष्य रखा है, जिसकी पूर्ति की दिशा में हम सुनियोजित तरीके से आगे बढ़ रहे है।

बता दें कि गुरुवार को ओडिशा के रास्ते बड़ी संख्या में नक्सलियों के छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश करने की सूचना मिली थी, जिसके बाद डीआरजी की टीम नक्सलियों के घेराबंदी के लिए रवाना हुई थी। शुक्रवार को सुबह सुबह कोंटा के भेज्जी इलाके में नक्सलियों की मुठभेड़ डीआरजी के जवानों के साथ हुई है, जिसमें जवानों ने 10 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। इलाके में फिलहाल सर्चिंग अभियान जारी है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button