ऑटोमेटिक पिस्टल खरीदी के लिए पुलिस मुख्यालय ने निकाला टेंडर

ऑटोमेटिक पिस्टल खरीदी के लिए पुलिस मुख्यालय ने निकाला टेंडर
रायपुर (प्रखर)। छत्तीसगढ़ के पुलिस जवान अधिकारियों के हाथों में जल्द ही ऐसी 9 एमएम कैलिबर सेमी ऑटोमेटिक पिस्तौल होगी, जो 18 से 20 मीटर की दूरी तक सटीक निशाना साधेगी। पुलिस मुख्यालय ने ऐसी क्षमता वाली 120 पिस्तौल खरीदी की तैयारी शुरू कर दी है। हथियार खरीदी के लिए टेंडर जारी किया गया है। साथ ही 1160 नग असॉल्ट रायफल की खरीदी भी की जानी है। इस खरीदी के लिए पहले भी दो बार टेंडर निकाले गए थे, लेकिन सौदा नहीं जमा। अब तीसरी बार फिर टेंडर निकाला गया है। ताकि जल्द खरीदी की जा सके।
शस्त्र खरीदी के लिए पुलिस मुख्यालय ने टेंडर निकाला है। टेंडर जमा करने की अंतिम तारीख 22 जनवरी है। छत्तीसगढ़ में नक्सल प्रभावित जिलों में तैनात किए जाने वाले जिला बल के अलावा बटालियन में काम करने वाले पुलिस कर्मचारी और अधिकारी रायफल और पिस्तौल से लैस रहकर सुरक्षा व्यवस्था को मजूबत बनाने का काम करते हैं। राज्य में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखने के लिए शस्त्रों की खरीदी की जा रही है।
असॉल्ट रायफल की खरीदी भी
पुलिस मुख्यालय 1160 नग असॉल्ट रायफल खरीदी की तैयारी में भी है। हालांकि इस सौदे के लिए पहले दो बार टेंडर बुलाए गए हैं, लेकिन सौदा नहीं जमने पर तीसरी बार टेंडर किया गया है। यह रायफल 500 मीटर रेंज वाली होगी और एक मिनट में 600 राउंड फायर की क्षमता से युक्त होगी।
17 राउंड फायर करने वाली पिस्तौल
पुलिसकर्मियों के लिए जो पिस्तौल खरीदी जानी है, वह उच्च क्षमता से युक्त होगी। 9 मिमी कैलिबर सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल में 9&19 मिमी पैराबेलम कारतूस इस्तेमाल होंगे। यह पिस्तौल पॉलिमर- फ्रेमयुक्त, शॉर्ट रिकॉइल-संचालित, लॉक-बीच पॉलिमर निर्मित पिस्तौल की पकड़ में बेहतर संतुलन और मजबूत हाथ की पकड़ के लिए उंगली के खांचे वाली होगी। पिस्तौल की प्रभावी रेंज 18-20 मीटर, स्लाइड लंबाई अधिकतम 190 मिमी, मैगजीन सहित ऊंचाई अधिकतम 140 मिमी, चौड़ाई अधिकतम 35 मिमी के साथ मैगजीन की क्षमता न्यूनतम 17 राउंड होगी। भरी हुई मैगजीन के साथ वजन अधिकतम 920 ग्राम या 930 ग्राम तक हो सकता है।