सोशल मीडिया पर की दोस्ती, दुष्कर्म के बाद सिगरेट और गर्म तवा से जलाया

सोशल मीडिया पर की दोस्ती, दुष्कर्म के बाद सिगरेट और गर्म तवा से जलाया
मुंबई। महाराष्ट्र से एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। यहां के ठाणे में एक शख्स ने 27 साल की महिला का कथित तौर पर दुष्कर्म किया और बाद में ब्लैकमेल कर शादी के लिए मजबूर किया। इतना ही नहीं बर्बरता की हद तो तब पार हो गई जब उसे जलती हुई सिगरेट और गर्म तवा से जलाया।
पीडि़ता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 38 साल के आदमी और उसकी मां सहित परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। बता दें, घटना की शुरुआत चार साल पहले यानी 2021 में हुई, जब दोनों सोशल मीडिया के जरिए दोस्त बने।
यह है मामला
यहां उल्हासनगर शहर के रहने वाले आरोपी की दोस्ती फेसबुक पर स्थानीय निवासी पीडि़ता से हुई थी। वि_लवाड़ी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने मीडिया को बताया कि बाद में वह कथित तौर पर उसे शहर के एक लॉज में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने पीडि़ता का एक आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया और उसे ऑनलाइन अपलोड करने की धमकी देकर कई और बार उसके साथ दुष्कर्म किया।
जब इतने पर भी मन नहीं भरा तो पीडि़ता को शख्स से शादी करने के लिए मजबूर किया गया। बाद में आरोपी और उसकी मां महिला को मध्य प्रदेश के ग्वालियर ले गए, जहां उन्होंने उसके बाल तथा भौंहें काट दीं और उसे एक घर में कैद कर लिया। यहां उसे जलती हुई सिगरेट से जलाया गया और गर्म तवा से मारा गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपियों ने महिला का आधार और पैन कार्ड के साथ-साथ बैंक पासबुक भी छीन ली और कर्ज लेने के लिए उसके दस्तावेजों का दुरुपयोग किया।
अभी कोई गिरफ्तारी नहीं
अधिकारी ने बताया कि महिला को धमकी दी कि अगर उसने अपने पिता से पैसे की मांग पूरी नहीं की तो वे उसका आपत्तिजनक वीडियो ऑनलाइन अपलोड कर देंगे। महिला ने रविवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद व्यक्ति और उसके परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। फिलहाल मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और जांच जारी है।