छत्तीसगढ़

भाजपा से मीनल चौबे महापौर पद के लिए उम्मीदवार, वहीँ कांग्रेस ने दीप्ति दुबे को दिया टिकट

भाजपा से मीनल चौबे महापौर पद के लिए उम्मीदवार, वहीँ कांग्रेस ने दीप्ति दुबे को दिया टिकट

रायपुर। रायपुर नगर निगम के महापौर पद के लिए भाजपा और कांग्रेस ने अपने अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं। भाजपा ने मीनल चौबे तो कांग्रेस ने दीप्ती दुबे को मैदान में उतारा है। दोनों में यहाँ कड़ा और सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में देर रात तक मंथन करने के बाद निकाय चुनाव के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई है। कांग्रेस ने रायपुर नगर निगम पर दीप्ति दुबे को मेयर प्रत्याशी बनाया है। दीप्ति दुबे वर्तमान सभापति प्रमोद दुबे की पत्नी है। वे साइकोलाजिस्ट हैं। उनका मेंटल हेल्थ क्लीनिक है। वे सामाजिक कार्यों में सक्रिय रही हैं। कांग्रेस पार्टी की सक्रिय सदस्य के रूप में दीप्ति दुबे पिछले 20 वर्षों से काम कर रही हैं।

वहीँ भाजपा ने रायपुर नगर निगम के लिए मीनल चौबे को महापौर प्रत्याशी के रूप में नामित किया है। मीनल चौबे को पार्टी के भीतर एक मजबूत और प्रभावशाली उम्मीदवार माना जा रहा था। मीनल चौबे तीन बार पार्षद का चुनाव जीत चुकी हैं और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष के रूप में अपनी भूमिका निभा चुकी हैं। मीनल चौबे की पहचान भाजपा महिला मोर्चा के विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए एक प्रभावशाली और तेजतर्रार नेता के रूप में बनी है।
जब भाजपा की ओर से महापौर उम्मीदवार के नाम की चर्चा हो रही थी, तो मीनल का नाम सबसे पहले सामने आया था। पिछली बार जब पार्षदों के बीच रायशुमारी हुई थी, तो भाजपा के वरिष्ठ पार्षदों ने मीनल चौबे को नगर निगम रायपुर का नेता प्रतिपक्ष चुना था। इस बार, राज्य में मेयर का चुनाव सीधे जनता के मतदान से होगा, जबकि कांग्रेस सरकार के दौरान यह चुनाव अप्रत्यक्ष रूप से होते थे।

बता दें कि प्रदेश में 20 जनवरी से आचार संहिता लागू है। नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 28 जनवरी तक चलेगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 31 जनवरी है। नगरीय निकाय चुनाव की वोटिंग 11 फरवरी को होगी और परिणाम 15 फरवरी को घोषित होंगे। इस बार नगरीय निकाय चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के माध्यम से कराए जाएंगे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button